श्रद्धालुओं से अवैध वसूली के लिए 10 लोग जेल में हैं. नए साल पर मंदिर में व्यापक तैयारी की गई है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Ujjain Mahakaleshwar Mandir: उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में मुफ्त की वीआईपी सेवा अब बंद हो गई है. महाकालेश्वर मंदिर की आमदनी में भी अब बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. श्रद्धालुओं से अवैध वसूली कर उन्हें कई प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने वाले 10 लोग अभी तक जेल की हवा खा चुके हैं.
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में नए साल के आगाज पर दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यापक पैमाने पर तैयारी की गई है. महाकालेश्वर मंदिर समिति के अध्यक्ष और उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारी की गई है. नव वर्ष पर श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो जाता है.
250 रुपये की रसीद काटी जा रही है
इस बार साल के अंतिम दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. महाकालेश्वर मंदिर समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल के मुताबिक शीघ्र दर्शन व्यवस्था के लिए मंदिर समिति की ओर से 250 रुपये की रसीद काटी जा रही है. इसके अलावा, प्रोटोकॉल दर्शन में भी शीघ्र दर्शन सुविधा का लाभ लेने पर प्रति श्रद्धालु 250 रुपये की रसीद बनाई जा रही है. इसी तरह मंदिर के नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है. इससे मंदिर समिति की आमदनी में भी बढ़ोतरी हो गई है.

