Dadasaheb Phalke Award 2024: सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने बॉलीवुड के लेजेंडरी एक्टर मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Mithun Chakraborty Dadasaheb Phalke Award: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता 74 वर्षीय मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका ऐलान किया है.
एक्स पोस्ट के माध्यम से किया गया अनाउंस
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट कर अनाउंस किया कि मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने लिखा, “मिथुन दा की उल्लेखनीय सिनेमाई यात्रा हर जनरेशन को प्रेरित करती है! यह घोषणा करते हुए सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि दादा साहब फाल्के सिलेक्शन जूरी ने महान अभिनेता, श्री मिथुन चक्रवर्ती जी को भारतीय सिनेमा में उनके प्रतिष्ठित योगदान के लिए पुरस्कार देने का फैसला किया है.”
कब दिया जाएगा मिथुन को दादा साहब फाल्के पुरस्कार?
बता दें कि मिथुन चक्रवर्ती को ये सम्मान 8 अक्टूबर 2024 को 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी में दिया जाएगा. वहीं एक्टर के लिए इस पुरस्कार की घोषणा के साथ ही उनके तमाम फैंस और सेलेब्स अब उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे हैं.इससे पहले मिथुन चक्रवर्ती को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था. यह समारोह अप्रैल में हुआ था और अभिनेता को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से ये सम्मान हासिल हुआ था.
सम्मानित होने की घोषणा के बाद क्या बोले मिथुन चक्रवर्ती
प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा के बाद मिथुन चक्रवर्ती ने सोमवार को कहा कि अपनी भावनाएं बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं. खुद को “कोलकाता के फुटपाथों से आया लड़का” बताते हुए 74 वर्षीय ने कहा कि उन्होंने इस तरह के सम्मान से सम्मानित होने की कभी कल्पना भी नहीं की थी. मिथुन ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “मैं जो महसूस कर रहा हूं उसे बयां करने के लिए मेरे पास कोई भाषा नहीं है. ना मैं हंस सकता हूं, ना खुशी में रो सकता हूं.”

