मध्य प्रदेश में अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण का मुद्दा गर्माया, कांग्रेस ने CM मोहन यादव से मांगा जवाब
By : DB News Update| Edited By: Prince Awasthi
MP Guest Teachers News: मध्य प्रदेश में अतिथि शिक्षकों के मुद्दे पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह (Uday Pratap Singh) ने अतिथि शिक्षकों पर अजीबो गरीब बयान दिया है. उन्होंने कहा, “नाम क्या है उनका अतिथि…, आप मेहमान बनकर आओगे तो क्या घर पर कब्जा करोगे?’ इस पर सियासी बवाल मच गया है. कांग्रेस ने मोहन यादव सरकार पर हमला बोला है. बता दें कि 8000 से ज्यादा अतिथि शिक्षक नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं.
कहां गया नियमितीकरण का वादा
स्कूल शिक्षा मंत्री के बयान से आंदोलनकारी अतिथि शिक्षकों की उम्मीदों को करारा झटका लगा है. कांग्रेस ने मोहन यादव सरकार में शामिल मंत्री के बयान को असंवेदनशील बताया है. राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया से जवाब मांगा है. उन्होंने कहा कि महापंचायत कर बच्चों का भविष्य संवारने वाले अतिथि शिक्षकों से नियमितीकरण का वादा किया गया था. चुनाव से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अतिथि शिक्षकों के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन तक करने की चेतावनी दी थी.

