सिक्किम में भारी बारिश और लैंडस्लाइड से तबाही मची हुई है. नॉर्थ ईस्ट के इस खराब मौसम में करीब 1500 पर्यटक भी फंसे हुए हैं, जिनको सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Sikkim Army Camp Landslide: उत्तरी सिक्किम के चट्टन में रविवार (01 जून, 2025) की शाम करीब 7 बजे आर्मी कैंप पर लैंडस्लाइड हुआ था, जिससे आस-पास के इलाकों में बने घरों को भारी नुकसान हुआ है. इस लैंडस्लाइड में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग लापता भी हैं. मृतकों की पहचान करने और लापता लोगों की पहचान के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है. बता दें कि पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में बारिश और भूस्खलन ने तबाही मचाई हुई है. सिक्किम में रविवार (01 जून, 2025) की शाम को आर्मी कैंप पर हुए लैंडस्लाइड में तीन लोगों की मौत की खबर है, जिनमें कुछ जवान भी शामिल हैं.
सिक्किम में फंसे 1500 पर्यटक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उत्तर सिक्किम में भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोचन और लाचुंग इलाकों में करीब 1500 पर्यटक फंसे हुए हैं. मंगन जिले के एसपी सोनम देचू भूटिया ने बताया कि लाचेन में 115 और लाचुंग में 1,350 पर्यटक ठहरे हुए हैं. भूस्खलन की वजह से दोनों ओर से रास्ते बंद हैं.

