भोपाल से बीजेपी सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि जिम ट्रेनर्स की सूची तैयार की जा रही है. महिलाओं के लिए महिला जिम ट्रेनर्स होने चाहिए.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Muslim Gym Trainers Bhopal News: “भोपाल के कई जिमों की सूची तैयार की जा रही है, जहां तथाकथित मुस्लिम समुदाय के ट्रेनर मौजूद हैं. इंदौर ने इस दिशा में जो कदम उठाया है, वह सही है. हम भी पुलिस को सूची सौंपेंगे और कठोर कार्रवाई की मांग करेंगे. किसी को भी ‘लव जिहाद’ की अनुमति नहीं दी जाएगी.” यहां हम बता दें कि मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘लव जिहाद’ के मुद्दे को लेकर सियासी बहस शुरू हो गई है. बीजेपी सांसद आलोक शर्मा के इस एक बयान ने इस विवाद को और हवा दे दी है, जिसमें उन्होंने मुस्लिम जिम ट्रेनर्स को लेकर आपत्ति जताई है और कहा है कि उन्हें बहनों को ट्रेनिंग देने का कोई अधिकार नहीं है.
‘लैंड जिहाद’ भी हो रहा
सांसद आलोक शर्मा यहीं नहीं रुके बल्कि उन्होंने आगे कहा, ”लव जिहाद के साथ-साथ ‘लैंड जिहाद’ भी हो रहा है, जिस पर अब सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी.” उन्होंने यह भी दावा किया कि भोपाल केवल नवाबों या मुसलमानों का शहर नहीं है, बल्कि यह सम्राट अशोक, चंद्रगुप्त मौर्य और रानी कमलापति का भी है.
संस्थानों के नाम बदलने की मांग
सांसद आलोक शर्मा ने शहर के कई प्रतिष्ठित मुस्लिम नामों वाले संस्थानों जैसे औबेदिया स्कूल, रशीदिया स्कूल, सुल्तानिया जनाना अस्पताल और हमीदिया अस्पताल के नाम बदलने की भी मांग की है. उनका कहना है कि इन संस्थानों के नाम भारतीय महापुरुषों के नाम पर रखे जाने चाहिए.

