कोलकाता में पीएम ने कहा कि बंगाल में विकास कार्यों के सामने चुनौती ये है कि बंगाल के लिए जो पैसा हम राज्य सरकार को सीधे भेजते हैं, उसका ज्यादातर हिस्सा यहां लूट लिया जाता है.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
PM Modi in Kolkata: “बंगाल के लिए जो पैसा हम राज्य सरकार को सीधे भेजते हैं, उसका ज्यादातर हिस्सा यहां लूट लिया जाता है. वो पैसा टीएमसी काडर पर खर्च होता है. इसलिए गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं में बंगाल देश के दूसरे राज्यों से पिछड़ा हुआ है.” तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर सीधे तौर पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (22 अगस्त, 2025) को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 11 सालों में केंद्र की भाजपा सरकार ने पश्चिम बंगाल के विकास के लिए लगातार हर तरह की मदद दी है. बंगाल में नेशनल हाईवे के निर्माण के लिए जितना पैसा कांग्रेस की यूपीए गठबंधन की सरकार ने अपने 10 साल में दिया था, उससे 3 गुना से ज्यादा पैसा हमारी भारत सरकार ने बंगाल को दिया है.
दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता पहुंचे पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “मैं ऐसे समय में कोलकाता आया हूं, जब यहां दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं. कोलकाता नए रंग में, नई रौनक के साथ सज रहा है. आस्था और आनंद के पर्व के साथ जब विकास का पर्व भी जुड़ जाता है, तो खुशी दोगुनी हो जाती है. यहां से कुछ ही दूरी पर मुझे कोलकाता मेट्रो और हाइवे से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स के शिलान्यास और लोकार्पण का अवसर मिला है.”

