बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर की स्थापना हेतु 1 सितम्बर तक प्रस्ताव आमंत्रित, वित्तीय सहायता दिए जाने का भी प्रावधान
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Department of Agriculture MP : राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन योजना के अंतर्गत जिले को 40 क्लस्टरों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है. इन क्लस्टरों में 27 बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर की स्थापना प्राकृतिक खेती के क्लस्टर क्षेत्र में या उसके आसपास किया जाना है. बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर की स्थापना हेतु इच्छुक कृषक समूह, गैर सरकारी संगठन, किसान उत्पादक संगठन, पंजीकृत गौशालाएं एवं अन्य पंजीकृत संस्थाएं ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर या असिस्टेंस टेक्नोलॉजी मैनेजर से सम्पर्क कर आवेदन का प्रारूप प्राप्त कर सकते हैं तथा 1 सितम्बर तक प्रस्ताव दे सकते हैं.
एक लाख की वित्तीय सहायता का प्रावधान
परियोजना संचालक आत्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के अंतर्गत एक लाख रुपए की राशि की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी. यह राशि 50-50 हजार रुपये की दो किश्तों में प्रदान की जाएगी. उन्होंने बताया कि बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर प्राकृतिक खेती के लिए आवश्यक जैव आदान तैयार कर किसानों को आपूर्ति करेगा. ऐसे किसान जो स्वयं जैव आदान तैयार नहीं कर सकते उन्हें उचित मूल्य पर विक्रय कर उद्यम के रूप में विकसित किया जाएगा.
कच्चे माल की उपलब्धता कराई जाएगी
जैव आदान तैयार करने के लिए बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर आवश्यक कच्चे माल की उपलब्धता हेतु पौधों पर आधारित बायोमास, गौमूत्र, गोबर की आपूर्ति के लिए स्वयं या निकटवर्ती गौशाला से अनुबंध उपरांत व्यवस्था कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिये विकासखण्ड तकनीकी प्रबंधक से संपर्क किया कर सकते हैं.

