भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की घोषणा के बाद भी सीमा पर तनाव बना रहा. चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने एनएसए अजीत डोभाल से बातचीत कर स्थिति को संभालने की अपील की.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
India Pakistan Ceasefire: भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार 10 मई 2025 को सीजफायर की घोषणा हुई. इसके कुछ घंटे बाद ही स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो गई. जब जम्मू-कश्मीर में ड्रोन गतिविधियों और विस्फोटों ने सभी को चौंका दिया. भारत ने इसे पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन का करारा जवाब दिया और विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने सख्त प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी उल्लंघन का कड़ा जवाब दें.
इस बीच चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बातचीत की और संयम बरतने और स्थिति को न बिगाड़ने की अपील की. चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, वांग ने कहा कि चीन दोनों देशों के बीच स्थायी शांति वार्ता में रचनात्मक भूमिका निभाने को तैयार है.
चीन ने भारत-PAK को संयम बरतने की दी सलाह
बीजिंग की ओर से आए बयान में कहा गया कि चीन ने पहलगाम हमले की निंदा की है और आतंकवाद के सभी रूपों का विरोध करता है. वांग यी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों चीन के पड़ोसी हैं और एशिया की स्थिरता को बनाए रखने के लिए शांति जरूरी है. अजीत डोभाल ने बातचीत में स्पष्ट किया कि युद्ध भारत की पसंद नहीं है, लेकिन देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक है.

