सीजफायर के बाद भी पूरी घाटी में ड्रोन गतिविधियों की पुष्टि हुई है. बारामूला में एक UAV को भारतीय सेना ने रात 8:20 बजे रोका और निष्क्रिय किया
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
India Pakistan Ceasefire: भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्धविराम का उल्लंघन किया गया. इस पर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शनिवार (10 मई,2025) की देर रात कहा कि सेना को सख्त कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने को लेकर आज शाम हुए समझौते का पाकिस्तान ने कुछ ही घंटों में “घोर उल्लंघन” किया है.
उन्होंने कहा, “सशस्त्र बल हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और उन्हें अंतर्राष्ट्रीय सीमा तथा नियंत्रण रेखा पर किसी भी तरह के उल्लंघन की पुनरावृत्ति होने पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.”
जम्मू सेक्टर में तनाव
सीजफायर के बाद भी पूरी घाटी में ड्रोन गतिविधियों की पुष्टि हुई है. बारामूला में एक UAV को भारतीय सेना ने रात 8:20 बजे रोका और निष्क्रिय कर दिया. वहीं, अनंतनाग में एक और ड्रोन रणनीतिक सैन्य प्रतिष्ठान के करीब मार गिराया गया. अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू सेक्टर में भी तनाव बरकरार है, जिससे स्पष्ट है कि पाकिस्तान की मंशा सीजफायर के उल्लंघन की है.
कूटनीति के साथ सेना भी सतर्क
हालांकि भारत ने बार-बार कहा है कि वह युद्ध नहीं चाहता, लेकिन उसने आतंकवाद और घुसपैठ को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के तीन बड़े एयरबेस – मुरीद चकवाल, नूर खान और रफ़ीकी को निशाना बनाया और लाहौर के एयर डिफेंस सिस्टम को भी तबाह कर दिया. यह कार्रवाई सिर्फ सैन्य ही नहीं, बल्कि कूटनीतिक मोर्चे पर भी भारत की दृढ़ता को दर्शाती है. अमेरिका और चीन की मध्यस्थता के बावजूद भारत ने स्पष्ट किया कि भविष्य में अगर आतंकवाद की कोई भी घटना होती है, तो उसे युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा.
उमर अब्दुल्ला ने उठाए सीजफायर पर सवाल
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “यह कोई संघर्ष विराम नहीं है. श्रीनगर के बीचों-बीच हवाई रक्षा इकाइयां सक्रिय हैं और धमाकों की आवाजें आ रही हैं.” उन्होंने सवाल किया कि क्या यह वास्तव में सीजफायर है या दिखावा.
विदेश सचिव विक्रम मिसरी की सख्त चेतावनी
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने दो टूक कहा, “हम पाकिस्तान से आग्रह करते हैं कि वह सीजफायर उल्लंघनों पर लगाम लगाए और स्थिति को गंभीरता से संभाले.” उन्होंने आगे बताया कि भारतीय सेना को एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सख्ती से जवाब देने का निर्देश दिया गया है.

