लंगेट विधानसभा सीट से विधायक खुर्शीद अहमद शेख सदन में आर्टिकल 370 को हटाने से जुड़ा बैनर दिखाने लगे. इसे देखकर BJP विधायक भड़क गए और उसे फाड़ने दौड़े.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Jammu Kashmir Assembly : जम्मू-कश्मीर विधानसभा सत्र के दौरान आर्टिकल 370 का प्रस्ताव पास किए जाने को लेकर गुरुवार को विधानसभा के अंदर बवाल मच गया और विधायकों के बीच जमकर हाथापाई हुई. सत्ता पक्ष और विपक्षी भाजपा के विधायकों ने एक-दूसरे का कॉलर पकड़ा और धक्कामुक्की की. सदन में हंगामे के बाद स्पीकर ने विधानसभा की कार्यवाही 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी.
दरअसल, लेंगेट से विधायक खुर्शीद अहमद शेख ने सदन में आर्टिकल 370 की वापसी का बैनर लहराया. बैनर पर लिखा था, ‘हम अनुच्छेद 370 और 35ए की बहाली और सभी राजनीतिक कैदियों की रिहाई चाहते हैं. भाजपा विधायक और विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने इसका विरोध किया। विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने लगे.
नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक भाजपा विधायकों से भिड़े
भाजपा विधायकों के विरोध का सिलसिला यहीं नहीं थमा. वे सदन के वेल से होते हुए खुर्शीद अहमद शेख के पास पहुंचे और उनके हाथ से बैनर छीन लिया. इस दौरान सज्जाद लोन और वहीद पारा और नेशनल कॉन्फ्रेंस के कुछ अन्य विधायक शेख के समर्थन में भाजपा विधायकों से भिड़ गए.
इस दौरान बैनर फाड़ने को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के कॉलर पकड़ी और बैनर छीनने लगे। हंगामा बढ़ता देख बीच बचाव कर रहे मार्शलों ने भाजपा विधायकों को सदन से बाहर कर दिया.
6 नवंबर को विधानसभा से 370 बहाल करने का प्रस्ताव पास हुआ
जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने राज्य के स्पेशल स्टेटस (अनुच्छेद 370) को फिर से बहाल करने का प्रस्ताव बुधवार को पास कर दिया. भाजपा ने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर के लोगों को गुमराह कर रही है और कहा कि कोई भी विधानसभा अनुच्छेद 370 और 35ए को वापस नहीं ला सकती.

