राहुल गांधी का दरभंगा में आगमन 26 अगस्त को संध्या सात बजे होना है
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Voter Adhikar Yatra: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को जिला प्रशासन ने दरभंगा में रुकने की अनुमति नहीं दी है. वोटर अधिकार यात्रा 26 अगस्त को दरभंगा पहुंचेगी, यहां प्रस्तावित कार्यक्रम जीवछ घाट हाई स्कूल में था, उस कार्यक्रम की अब तक अनुमति नहीं मिली है. उक्त स्थल के लिए समाज कल्याण विभाग से अनुमति लेनी थी, लेकिन विभाग से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम स्थल को बदल कर फखरूद्धीन अली अहमद टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज कैंपस में कर लिया गया है.
पठन-पाठन में कठिनाई के चलते नहीं मिली अनुमति
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राहुल गांधी का दरभंगा में आगमन 26 अगस्त को संध्या सात बजे होना है. दरभंगा के NH-27 के नजदीक जीवछघाट फखरूद्धीन अली अहमद टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज कैंपस में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है, वहीं 27 अगस्त को सुबह वोटर अधिकार यात्रा वहां से रवाना होगी. तैयारी का जायजा लेने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी मदन मोहन झा ने बताया कि पहले जीवछघाट स्कूल में प्रस्तावित कार्यक्रम था, लेकिन प्रशासनिक अनुमति नहीं मिली यह कहा गया कि यह स्कूल है, यहां पठन-पाठन में कठिनाई आ जाएगी.
साझा घोषणा पत्र जारी करेगा इंडिया गठबंधन
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अररिया में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अंत में होने वाले चुनाव के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन जल्द ही एक साझा घोषणापत्र जारी करेगा.
‘हम निर्वाचन आयोग को बिहार में वोट नहीं चुराने देंगे. निर्वाचन आयोग भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहा है. निर्वाचन आयोग की ओर से एसआईआर राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में वोट चुराकर भाजपा की मदद करने का एक संस्थागत प्रयास है.’
बिहार में ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ सफल है-राहुल
राहुल गांधी ने कहा, ‘बिहार में ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ बेहद सफल रही है और लोग बड़ी संख्या में इसमें शामिल हुए हैं. हमें राज्य के करोड़ों लोगों का समर्थन मिला है, जो खुद-ब-खुद हमारे साथ जुड़े हैं. इससे यह बात साबित हो गई है कि निर्वाचन आयोग बिहार में लोगों के वोट चुरा रहा है.’

