मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. बारिश के दौरान घर में ही रहने की सलाह दी गई है. साथ ही कहा गया है कि खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Delhi Weather Thunderstorm : दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार (दो मई) की सुबह से ही मौसम काफी खराब हो गया. पहले तेज हवाएं और आंधी चलीं और फिर काफी देर तक मूसलाधार बारिश ने सड़कों का हाल खराब कर दिया. जगह-जगह पेड़ गिर गए और सड़कों पर भारी जलजमाव हो गया है. पूरे दिल्ली-एनसीआर में कई इलाकों में बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और पेड़ों को नुकसान पहुंचा है. दिल्ली के द्वारका के खरखरी नहर गांव में सुबह तेज हवाओं के कारण खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे पर पेड़ गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई और एक घायल बताया जा रहा है.

अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान परिचालन प्रभावित

अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान परिचालन प्रभावित
दिल्ली में शुक्रवार (2 मई) की सुबह गरज के साथ मूसलाधार बारिश होने और तेज हवाएं चलने के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान परिचालन प्रभावित हुआ. हवाई अड्डे का संचालन करने वाले ‘दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ ने बताया कि खराब मौसम की वजह से कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं.
खराब मौसम के बीच उड़ानों के बदले रास्ते
दिल्ली में सुबह गरज के साथ भारी बारिश होने एवं तेज हवा चलने के कारण तीन उड़ानों के मार्ग में बदलाव करना पड़ा और 100 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी हुई. दिल्ली हवाई अड्डे आ रही दो उड़ानों को जयपुर और एक उड़ान को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया.

