मुख्यमंत्री डॉ. यादव आदर्श गौशाला लाल टिपारा में गोवर्धन पूजा समारोह में हुए शामिलगोवर्धन और गौ-पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिये की कामना
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
govardhan puja : श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं व जीवन चरित्र के माध्यम से प्रकृति व गौवंश के महत्व एवं गाँव की संस्कृति को प्रतिष्ठित किया. उनके जीवन का हर पक्ष प्रेरणादायी है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से हमें सीख मिलती है कि मनुष्य में हर प्रकार के कष्ट निवारण की क्षमता विद्यमान है. सीएम ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा समाज की भलाई के लिये रखे गए आदर्शों को सामने लाने के लिये सरकार ने गौ-पूजन एवं गोवर्धन पूजा करने का निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को ग्वालियर की आदर्श गौशाला लाल टिपारा में गोवर्धन पूजन एवं मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे.
सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाल टिपारा गौशाला में लगभग 108 टन गोबर से निर्मित 11 फीट ऊँचे गोवर्धन पर्वत और इस पर्वत पर गोबर से ही निर्मित लगभग 8 फीट ऊँची भगवान श्रीकष्ण की प्रतिमा की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की और गोवर्धन पर्वत की आरती उतारी. उन्होंने गोवर्धन पूजा के माध्यम से ग्वालियर सहित प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर गौ-माता का पूजन किया और सहला कर हरी घास खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया. एक ओर गोबर से निर्मित विशाल गोवर्धन पर्वत, दूसरी ओर सजी-धजी गौ-माताएँ और कतारबद्ध खड़े ग्वाल-ग्वाले देखकर लाल टिपारा परिसर में ऐसा आभास हो रहा था कि मानो यहाँ ब्रजधाम उतर आया है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर मंचासीन संतजनों को भी सम्मानित किया.

