MP Jabalpur News: जबलपुर के चरगवां में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई. ये लोग देवता को बकरे की बली देने जा रहे थे.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Jabalpur Accident News: MP जबलपुर के चरगवां थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चालक ने तेज रफ्तार वाहन पर से अचानक नियंत्रण खो दिया. वाहन पुल की रेलिंग से टकराने के बाद नदी में गिर गया.
चरगवां थाना प्रभारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “घटना दोपहर करीब 3.30 से 3.45 बजे हुई. ग्रामीणों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी. पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायलों को इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों की हालत गंभीर है, लेकिन वे होश में हैं.”
बकरे की बली देने जा रहे थे लोग
कार में सवार लोग एक बकरा भी ले जा रहे थे. अधिकारी ने कहा, “प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि वे पास के देवता को बकरे की प्रतीकात्मक भेंट देने के बाद लौट रहे थे, जो एक अनुष्ठान का हिस्सा था, क्योंकि सभी लोग एक ही समुदाय से थे. हालांकि, बकरा दुर्घटना में बच गया.” अधिकारी के अनुसार, घायल यात्री बयान देने की स्थिति में नहीं हैं. पुलिस घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी प्राप्त करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बचे हुए लोगों के बयानों का इंतजार कर रही है.
चौकीताल गांव के निवासी हैं मरने वाले लोग
जिस पुल पर दुर्घटना हुई वह जबलपुर से लगभग 45 किलोमीटर दूर है. चारों मृतक चौकीताल गांव के निवासी हैं. मृतकों की पहचान किशन पटेल (35), महेंद्र पटेल (35), सागर पटेल (17) और राजेंद्र पटेल (35) के रूप में हुई है. गंभीर रूप से घायल हुए लोगों की पहचान मनोज प्रताप (35) और जितेंद्र पटेल लोधी (36) के रूप में हुई है, जो चौकीताल के ही रहने वाले हैं.

