भारत की बांग्लादेश पर 50 रनों से एक तरफा जीत. वेस्ट इंडीज और अमेरिका की मेजबानी में आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2024 खेला जा रहा.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
IND vs BAN: एंटीगुआ:वेस्ट इंडीज और अमेरिका की मेजबानी में आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2024 खेला जा रहा है। इस मेगा इवेंट की जंग अब सुपर-8 राउंड में पहुंच चुकी है। जहां भारतीय टीम आज अपना दूसरा सुपर-8 मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ खेल रही है। एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अपने विजयरथ को बरकरार रखते हुए बांग्लादेश को एकतरफा अंदाज में 50 रनों से मात दी। भारतीय टीम की इस जीत में सभी बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई। हालांकि, हार्दिक पांड्या (नाबाद 50 रन और 1 विकेट) का ऑलराउंड प्रदर्शन मुकाबले में सबसे बड़ा गेम चेंजर साबित हुआ। इसके साथ ही भारतीय टीम ने अपने विजयरथ को बरकरार रखते हुए टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। जबकि दूसरी ओर बांग्लादेश को सुपर-8 राउंड में लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।
रोहित शर्मा और विराट कोहली की ओपनिंग जोड़ी ने आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली की ओपनिंग जोड़ी ने आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 39 रनों की साझेदारी निभाई। लेकिन कप्तान रोहित शर्मा (23 रन) एक छोटी-सी तूफानी पारी खेल पवेलियन लौट गए। हालांकि, विराट कोहली ने अपनी तूफानी पारी जारी रखते हुए पावरप्ले में टीम के स्कोर को पचास रनों के पार पहुंचाया। लेकिन तंजीम हसन साकिब ने अपनी रफ्तार का कमाल दिखाते हुए एक ही ओवर में विराट कोहली (37 रन) और सूर्यकुमार यादव (6 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इनके दम में मिली जीत
हार्दिक पांड्या- हार्दिक पंड्या ने एक बार फिर टीम के फिनिशर का रोल निभाया और भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने आखिरी ओवरों में दमदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक जमाया। पांड्या ने 27 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी भी की। पांड्या ने तीन ओवरों में 32 रन बनाकर एक विकेट लिया।
कुलदीप यादव- कुलदीप यादव का ये इस वर्ल्ड कप का दूसरा मैच था और अपने दूसरे मैच में भी इस गेंदबाज ने अपनी छाप छोड़ी। अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के बाद कुलदीप को पढ़ पाना बांग्लादेश के बल्लेबाजों के लिए भी मुश्किल रहा। कुलदीप ने बांग्लादेश के बड़े बल्लेबाजों के विकेट लिए। उन्होंने तौहिद ह्यदोय, शाकिब अल हसन, तनजीद हसन के विकेट निकाले। उन्होंने अपने कोटे के चार ओवरों में 19 रन देकर तीन विकेट लिए।
शिवम दुबे- शिवम दुबे ने इस मैच में वो किया जिसके लिए उन्हें सेलेक्ट किया गया है। उन्होंने पांड्या के साथ मिलकर आखिरी ओवरों में बांग्लादेश के गेंदबाजों की कुटाई की। शिवम ने 24 गेंदों का सामना करते हुए तीन छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। उनकी इस पारी ने भारत के बड़े स्कोर की नींव रख दी थी।
विराट कोहली- इस वर्ल्ड कप में रनों के लिए संघर्ष कर रहे विराट कोहली का बल्ला भी इस मैच में बोल पड़ा। विराट ने शानदार शॉट्स लगा बांगलादेशी बल्लेबाजों को परेशान किया। वह अर्धशतक बनाते दिख रहे थे लेकिन 37 रनों पर बोल्ड हो गए। उनके ये रन काफी अपयोगी साबित हुए। विराट ने 28 गेंदों का सामना कर एक चौका और तीन छक्के मारे।
जसप्रीत बुमराह- बुमराह एक बार फिर टीम इंडिया की जीत के सितारे रहे। इस गेंदबाज ने शुरुआती ओवरों में विकेट दिलाने के अलावा अंत के ओवरों में भी विकेट निकाले। बुमराह ने सिर्फ विकेट ही नहीं निकाले बल्कि रनों पर भी अंकुश लगाया। बुमराह ने अपने कोटे के चार ओवरों में 13 रन देकर दो विकेट लिए।
बांग्लादेशी टीम की शुरुआत खराब
बांग्लादेश की ओर से तंजीद हसन साकिब और रिशाद हुसैन ने सर्वाधिक दो-दो विकेट चटकाए। कुलदीप, बुमराह और अर्शदीप की धारदार गेंदबाजी लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम की शुरुआत खराब रही। अनुभवी ओपनिंग बल्लेबाज लिटन दास (13 रन) एक धीमी शुरुआत के बाद सस्ते में पवेलियन लौट गए। हालांकि, तंजीद हसन ने कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो के साथ एक अच्छी साझेदारी निभाकर टीम के स्कोर को पचास रनों के पार पहुंचाया। लेकिन मीडिल ओवर्स में कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए एक के बाद एक तंजीस हसन (29 रन) और तौहीद हृदय (4 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। जबकि अनुभवी बल्लेबाज शाकिब अल हसन (11 रन) भी कुलदीप यादव की फिरकी के जाल में फंसकर सस्ते में पवेलियन लौट गए। हालांकि, कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने एक अच्छी पारी खेलते हुए टीम के स्कोर को सौ रनों के पार पहुंचाया। लेकिन जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जोड़ी ने पुरानी गेंद के साथ कमाल दिखाते हुए बांग्लादेश के मीडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। दोनों गेंदबाजों ने एक के बाद एक बांग्लादेश के चार बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। अंत में बांग्लादेश की टीम निर्धारित 20 ओवरों में महज 146 रन ही बना सकी। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने तीन और जसप्रीत बुमराह-अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए।

