गुजरात के आणंद में गिरे पुल में एक मजदूर के फंसे होने की आशंका, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
BY : DB News Update
Edited By : प्रिंस अवस्थी
Gujrat News. गुजरात के आणंद में बुलेट ट्रेन के लिए बनाए जा रहे ट्रैक का निर्माणाधीन पुल गिर गया है. पुल के मलबे में कई लोगों के दबे होने की जानकारी मिली है.
आणंद जिले के पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को बताया कि वासद के पास बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट चल रहा था, जिसमें लोहे की जाली गिरने से तीन से चार मजदूरों के दबने की सूचना मिली थी. 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर को बचा लिया गया है. अभी एक मजदूर के फंसे होने की आशंका है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
12 पुलों का निर्माण पूरा हो चुका
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन गलियारे के लिए गुजरात में कुल 20 नदी पुल में से 12 का निर्माण पूरा हो गया है. नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि गुजरात के नवसारी जिले में खरेरा नदी पर 120 मीटर लंबा पुल हाल ही में पूरा हुआ है. इसके साथ ही 12 पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया है.
508 किलोमीटर लंबा है ट्रैक
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन गलियारा कुल 508 किलोमीटर लंबा है. इस प्रोजेक्ट में गुजरात का 352 किलोमीटर और महाराष्ट्र का 156 किलोमीटर हिस्सा शामिल है. इसमें मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, अहमदाबाद, सूरत, भरूच, वडोदरा, आणंद, नडियाद और साबरमती जैसे कुल 12 स्टेशन बनाने की योजना है.

