मणिपुर की राजधानी इम्फाल में कर्फ्यू के साथ यहां के 6 जिलों में इंटरनेट पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.
By : DB News Update | Edited By: Prince Awasthy
Manipur Violence: मणिपुर में एक बार फिर से हिंसा का दौर शुरू हो गया है. गुस्साए लोगों ने मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के निजी आवास पर भी हमला कर दिया. पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले तक छोड़ने पड़े. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह उस समय घर में नहीं थे. वो अपने ऑफिस में थे और पूरी तरह से सुरक्षित हैं.
राज्य सरकार ने हाल में ही इंफाल में कर्फ्यू लगा दिया है. यहां तीन लोगों की हत्या के बाद भड़के विरोध प्रदर्शनों के मद्देजनर छह जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर कर दी हैं. प्रदर्शनकारियों ने इंफाल में दो मंत्रियों और तीन विधायकों के घरों पर हमला किया था, जिसके बाद ये विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए थे.
क्यों भड़क उठी हिंसा
गौरतलब है कि जिरीबाम जिले के छह लापता लोगों में से तीन व्यक्तियों के शव शुक्रवार रात मणिपुर-असम सीमा पर जिरी और बराक नदियों के संगम के पास पाए गए हैं. इसमें एक महिला और दो बच्चों के अज्ञात शवों को कल रात असम के सिलचर लाया गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. पहचान के लिए फोटो एकत्र किए गए हैं.
इस बीच, पुलिस ने कहा कि संदिग्ध उग्रवादियों की बिष्णुपुर जिले के इरेंगबाम मानिंग इलाके में सुरक्षा बलों के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ हुई. उन्होंने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.

