मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा हमें भरोसा है कि जल्द ही अदालत का फैसला हमारे हित में आएगा
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Krishna janmabhoomi vivad: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह के विवाद के मामल में अपनी बात रखते हुए कहा कि इस मामले में अयोध्या जैसा कुछ करने की जरूरत नहीं है. लोगों को न्यायपालिका पर भरोसा रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह मुद्दा फिलहाल अदालत में लंबित है और ‘हमें उम्मीद है कि अदालत जल्द ही इस मुद्दे को सुलझाएगी.’
प्रयागराज में होने वाले कुंभ के मामले में मिलने आए थे सीएम योगी
आदित्यनाथ और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बीच हुई बैठक के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मुख्य रूप से प्रयागराज में होने वाले कुंभ पर चर्चा करने आए थे. आरएसएस के महासचिव ने बताया कि आदित्यनाथ ने कहा है इस वर्ष कुंभ को पिछली बार से अधिक सार्थक और यशस्वी बनाने के प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने इसके लिए तैयार की गई योजनाएं भी संघ के पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं.
किसी भी पार्टी से कोई झगड़ा नहीं
लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा संघ पर दिए गए बयान के बाद आरएसएस और भाजपा के बीच तनातनी का दावा करने वाली खबरों पर उन्होंने कहा, ‘हम एक सार्वजनिक संगठन हैं. हमारा किसी भी पार्टी से कोई झगड़ा नहीं है, भाजपा से तो बिल्कुल नहीं, क्योंकि हम ऐसा कुछ नहीं सोचते. हम सभी से मिलते हैं. हम किसी के साथ भेदभाव नहीं करते.’

