पुलिसकर्मी चेन बनाकर भीड़ के आगे चले, इससे भीड़ धीरे-धीरे आगे बढ़ी. प्रयागराज जंक्शन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों को दूसरे मार्ग से भेजा जा रहा है.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Prayagraj News Today : महाकुंभ में रविवार को जबरदस्त भीड़ रही. प्रयागराज जंक्शन यात्रियों से फुल हो गया. रात 8.20 बजे अनाउंस किया गया कि अभी एक घंटे स्टेशन न आएं. वहीं, संगम रेलवे स्टेशन 26 फरवरी तक बंद कर दिया गया. भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए पुलिसकर्मी चेन बनाकर भीड़ के आगे चले. यहां बतादें कि प्रयागराज संगम स्टेशन पर बहुत ज्यादा भीड़ हो गई थी. इसके बाद श्रद्धालुओं की भीड़ और उनकी सुरक्षा को देखते हुए ये फैसला लिया गया है. अगले आदेश तक प्रयागराज संगम स्टेशन को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. सभी श्रद्धालुओं को प्रयाग स्टेशन से अपनी ट्रेन पकड़नी होगी.
CM योगी भी प्रयागराज में थे
CM योगी भी रविवार को महाकुंभ में थे. उन्होंने हेलिकॉप्टर से शहर और मेला क्षेत्र का जायजा लिया. लोगों से अपील की कि गाड़ी सड़क पर नहीं, पार्किंग में ही खड़ी करें. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और धर्मेंद्र प्रधान ने संगम में डुबकी लगाई. रविवार को 1.49 करोड़ श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई. 13 जनवरी से अब तक 52.96 करोड़ श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं.
प्रयागराज जंक्शन पर नहीं आएगी यह गाड़ियां
प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक फैसला और लिया है। जिसमें यह तय किया गया कि 15 गाड़ियां प्रयागराज जंक्शन पर नहीं आएंगी. सुबह से ही सभी स्टेशनों पर भारी भीड़ रही. प्रयागराज जंक्शन सहित सूबेदारगंज, फाफामऊ, छिवकी, रामबाग प्रयागराज, झूंसी और प्रयागराज जंक्शन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई. पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नैनी स्टेशन के बाहर का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी शेयर किया था. महाकुंभ मेले में त्रिवेणी मार्ग समेत कई जगहों पर रेलवे टिकट के रिजर्वेशन और और चालू टिकट की खरीद के लिए काउंटर भी बनाए गए हैं.
प्रयागराज जंक्शन पर खास सतर्कता
बदला मार्ग नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ के बाद महाकुम्भ के के श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रयागराज जंक्शन पर खास सतर्कता बरती जा रही है। लोकमान्य तिलक समेत 15 गाड़ियां प्रयागराज जंक्शन पर नहीं आएंगी. उनका मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है. प्रयागराज जंक्शन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों को दूसरे मार्ग से भेजा जा रहा है.
बस स्टेशनों पर भी भारी भीड़
रेलवे स्टेशन के अलावा बस स्टेशनों पर भी भारी भीड़ दिख रही है. रोडवेज के झूंसी स्थित अस्थाई बस स्टेशन पर गोरखपुर, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी, मऊ, गाजीपुर सहित अन्य जनपदों के लिए जाने वालों की भारी भीड़ देखी गई। इसी तरह नेहरू पार्क स्थित अस्थायी बस स्टेशन पर कानपुर, खागा, फतेहपुर आदि स्थानों पर जाने के लिए यात्री परेशान रहे. फाफामऊ में प्रतापगढ़, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बस्ती, बहराइच और नैनी में चित्रकूट, महोबा, ललितपुर, झांसी, बांदा, रीवां, मिर्जापुर और मध्य प्रदेश देने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ स्टेशन पर जमा रही। कोई बस आते ही तुरंत भर जाती थी। दूसरे बस के इंतजार में यात्री घंटों परेशान रहे। रविवार को तेज धूप होने के कारण लोगों को और भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
राष्ट्रपति भी पहुंचेंगी त्रिवेणी संगम
प्रयागराज के महाकुंभ में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी डुबकी लगाने पहुंच रही हैं. ये आदेश राष्ट्रपति के आदेश और संगम तट पर बढ़ती भीड़ को भी देखते हुए भी लिया गया हो सकता है. राष्ट्रपति मुर्मू आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी और इस दौरान संगम स्नान के साथ ही यहां अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी. इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे. राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है.
राष्ट्रपति शाम पौने छह बजे प्रयागराज से वापस नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगी. राष्ट्रपति का यह दौरा न केवल प्रयागराज के लिए ऐतिहासिक होगा, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए भी एक प्रेरणादायी क्षण होगा. उनकी उपस्थिति से महाकुंभ के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को एक नई ऊंचाई मिलेगी.

