मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि हमारी पांच साल की सरकार है धीरे-धीरे इस रकम को 3000 रुपये कर दिया जाएगा.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Ladli Behna Yojana: राज्य स्तरीय सम्मेलन में लाडली बहना योजना की प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाभार्थी बहनों के खाते में 1250 रुपये के मान से 1 हजार 551 करोड़ 44 लाख रुपये की जून माह की किश्त सिंगल क्लिक से अंतरित की गई. मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की यह 25 वीं किश्त थी. मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्मेलन में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 56 लाख 68 हजार हितग्राहियों के खातों में 341 करोड़ रूपए की राशि, 27 लाख से अधिक बहनों को सिलेंडर रिफिलिंग की 39.14 करोड़ रुपए की राशि तथा मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना में 6 हजार 821 श्रमिक परिवारों की 150 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि भी अंतरित की. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ वितरण करने के साथ ही करीब 22 करोड़ 44 लाख रूपये के विकास कार्यों का भी लोकार्पण और भूमि-पूजन किया.
रक्षाबंधन पर मिलेंगे अतिरिक्त 250
मध्य प्रदेश सरकार की लाडली बहन योजना को लेकर मोहन यादव सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. सीएम मोहन यादव ने कहा कि अगले महीने बहनों को 1250 रुपये के अलावा 250 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन को देखते हुए ये ऐलान किया है.
धीरे-धीरे इस रकम को 3000 रुपये कर दिया जाएगा
सीएम मोहन यादव ने ये भी कहा, “हमारी पांच साल की सरकार है धीरे-धीरे इस रकम को 3000 रुपये कर दिया जाएगा. हम तीन हजार रुपये हमारी बहनों को देंगे.”
2080 करोड़ रुपये किए ट्रांसफर
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, “आज जबलपुर के बरगी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 25वीं किस्त सहित विभिन्न योजनाओं में 2,080 करोड़ से अधिक धनराशि हितग्राहियों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की.” साथ ही उन्होंने ये भी लिखा कि बरगी के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया.

