आरोप : शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के सांसद सदन में चर्चा के दौरान गायब रहे
By : DB News Update | Edited By: Supriya
Waqf Amendment Bill: महाराष्ट्र मुंबई में शनिवार (17 अगस्त) को वक्फ बोर्ड संशोधन बिल को लेकर मुस्लिम संगठन की बैठक आयोजित हुई, जिसमें बवाल हो गया. दरअसल केंद्र सरकार ने वक्फ एक्ट में संशोधन से जुड़े बिल को जेपीसी के पास भेज दिया है. संसद में जब बिल पेश किया गया तो विपक्ष की ओर से कांग्रेस, समाजवादी पार्टी ने जमकर विरोध किया. इस बिल को गैर-संवैधानिक करार दिया गया, लेकिन संसद में शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के सांसद चर्चा के दौरान गायब रहे. इसी को लेकर मुस्लिम नेताओं में तल्खी है.
उद्धव गुट के नेताओं का यह है तर्क
सूत्रों की मानें तो शिवसेना (यूबीटी) का कहना है कि जिस दिन बिल पेश किया गया था उस दिन सांसदों की उद्धव ठाकरे के साथ दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक थी, इसलिए वह शामिल नहीं हो पाए थे. जबकि शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने इस मुद्दे पर कहा था कि उनकी पार्टी विपक्षी दल “इंडिया” गठबंधन का हिस्सा है और जब विधेयक लोकसभा में पेश किया गया तो उसके सांसदों का मौजूद होना जरूरी नहीं था.
उलेमाओं का प्रतिनिधिमंडल जगदंबिका पाल से करेगा मुलाकात
वहीं अब आज मुंबई में हजरत सैयद मोइनुद्दीन अशरफ के नेतृत्व में उलेमाओं का एक प्रतिनिधिमंडल संयुक्त संसदीय समिति के अध्यक्ष (वक्फ संशोधन विधेयक 2024) जगदंबिका पाल से दोपहर एक बजे मुलाकात करेगा. बता दें यह मुलाकात इस्लाम जिमखाना में वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर सुझाव, आपत्तियां और सिफारिशें प्रस्तुत करने के लिए होगी. यह समय अखिल भारतीय सुन्नी जमीयतुल उलमा की तरफ से लिया गया है.

