मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर ऑनलाइन पेमेंट फेल होने के बाद वेंडर की बर्बरता, वीडियो हुआ वायरल
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP Viral Video News: मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन वेंडर की बर्बरता का वीडिया सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वेंडर महज एक समोसे के लिए यात्री की कलाई से घड़ी उतरवाते नजर आ रहा है. इतना ही यात्री से गाली-गलौज भी करने की आवाज वीडिया में रिकार्ड हो गई है. यह शर्मनाक घटना न केवल एमपी को शर्मशार कर रही है, बल्कि इंसानियत का भी गला घोट दिया है. मामला बहुत छोटा सा था, लेकिन ट्रेन छूटने के डर से जिस प्रकार से यात्री असहाय नजर आ रहा है, उसको देखकर हर कोई वेंडर को दोषी मान रहा है और उसे गिरफ्तार किए जाने की मांग की जा रही है.
यात्री की कॉलर पकड़कर मांगी रकम
दरअसल, जबलपुर स्टेशन पर एक ट्रेन कुछ मिनट के लिए ही रुकी थी. इसी दौरान एक यात्री प्लेटफॉर्म पर उतरता है और भूख मिटाने के लिए समोसा खरीदता है. यात्री द्वारा खरीदे गए समोसे का ऑनलाइन पेमेंट भी कर रहा होता है. लेकिन उसके मोबाइल के नेटवर्क में कोई समस्या आ गई, जिससे यात्री द्वारा पैसे देने की कोशिश नाकाम रही. इतने में ट्रेन चलने की सीटी बन गई और ट्रेन धीरे-धीरे प्लेटफॉर्म छोड़ने लगी. घबराया यात्री अपने डिब्बे की तरफ भागने लगा, तभी पीछे से समोसा बेचने वाले वेंडर ने उसका कॉलर पकड़ लिया और कहा कि पैसे देकर जा.
यात्री ने कहा कि फिलहाल उसके पास नकद नहीं है और पेमेंट फेल हो गया है, वह ट्रेन छूटने से पहले चढ़ना चाहता है. मगर वेंडर ने कॉलर नहीं छोड़ी और जोर-जबरदस्ती करने लगा. स्थिति ऐसी हो गई कि मजबूर होकर यात्री को अपनी घड़ी उतारकर वेंडर को देनी पड़ी, ताकि वह ट्रेन पकड़ सके.
DRM के संज्ञान में पहुंचा मामला
सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. क्योंकि प्लेटफार्म पर किसी यात्री ने मोबाइल पर इस घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर लिया था. वीडियो में साफ दिखता है कि ट्रेन चल रही है और एक यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ रहा है, जबकि समोसा विक्रेता उसकी कॉलर थामे हुए है. यात्री बारकोड स्कैन करता है, लेकिन पेमेंट पूरा नहीं होता. वह बार-बार कहता है कि उसे समोसा नहीं चाहिए, पर वेंडर जबरदस्ती करता है.
वीडियो वायरल होने के बाद जबलपुर DRM ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. उन्होंने बताया कि समोसा बेचने वाले वेंडर की पहचान कर ली गई है, उसे हिरासत में लिया गया है और उसका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

