आरोपी से पूछताछ मुंबई पुलिस ने की पूछताछ, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस ने आरोपी और घटना को लेकर अहम खुलासे किए हैं.
By : DB News Update| Edited By : प्रिंस अवस्थी
Saif Ali Khan Stabbing Case: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस ने पकड़ लिया है. मुंबई पुलिस ने बांद्रा के हीरानंदानी से गिरफ्तार किया है और पूछताछ कर रही है. इसी को लेकर मुंबई पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की है. हमलावर से हुई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है.
बंग्लादेशी होने की आशंका
मुंबई पुलिस ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी का मुख्य नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है और उसकी उम्र 30 साल है. पुलिस ने कहा कि आरोपी के पास कोई भारतीय दस्तावेज नहीं है और उसके बांग्लादेशी होने का शक है. आरोपी 5-6 महीने पहले ही मुंबई आया था और हाउसकीपिंग एजेंसी में काम कर रहा था.
किस इरादे से खान के घर में घुसा था आरोपी?
सैफ अली खान पर चाकू से वार के बाद आरोपी के घर में घुसने का मकसद क्या था, ये तय कर पाना मुश्किल हो रहा था. वो चोरी करने गया था या किसी को जान से मारने, इसे लेकर अब जानकारी सामने आ गई है. पुलिस ने बताया है कि आरोपी चोरी के इरादे से सैफ अली खान के घर में घुसा था उसे नहीं पता था कि जिस घर में वो चोरी करने जा रहा है वो बॉलीवुड एक्टर का घर है.
आज होगी आरोपी की पेशी
मुंबई पुलिस की 30 से ज्यादा टीमें लगातार आरोपी की खोजबीन में जुटी थी जिसके बाद घटना के 72 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका. कोर्ट में आज हमलावर की पेशी भी होगी गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस सैफ अली खान का भी बयान दर्ज करेगी जो इस वक्त अस्पताल में एडमिट हैं.

