अखिलेश यादव के पोस्ट का यूपी के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने दिया जवाब, DNA पर कह दी बड़ी बात : UP के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच डीएनए को लेकर विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
UP Politics: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच डीएनए को लेकर जुबानी जंग जारी है. दोनों ओर से वार-पलटवार हो रहा है. इस बीच ब्रजेश पाठक ने एक बार फिर से अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ‘मैंने तो आपकी पार्टी के डीएनए पर सवाल किया था, अगर आपके पास कोई जवाब नहीं था तो माफी मांग लीजिए, बात खत्म करिए.’
DNA को लेकर फिर कही ये बात
उन्होंने सोशल मीडिया में लिखा, “मैं तो आपसे आपकी पार्टी के डीएनए के बारे में पूछ रहा हूं अखिलेश जी. अगर निरूत्तर हो गए हों तो क्षमा मांग लीजिए और बात खत्म करिए. जवाब नहीं होने पर गलती मान लेना एक स्वस्थ परंपरा की निशानी है. बार-बार गोल पोस्ट बदलकर समाजवादी पार्टी के डीएनए वाले मेरे सवाल से बचने की इस छटपटाहट में तो आप और भी एक्सपोज हुए जा रहे हैं. आखिर समाजवादी पार्टी के डीएनए वाले सवाल से इतने डरे-सहमे क्यों हुए हैं आप?”
पोस्ट में उन्होंने लिखा, “क्या इसलिए कि इस मुद्दे पर बात होते ही आपकी समाजवादी पार्टी के डीएनए वाला दरवाजा किसी आटोमैटिक सेंसर से खुद ही खुल जाएगा. फिर एक एक कर आपके दौर के माफियाओं की तस्वीरें सामने आएंगी. फिर समाजवादी पार्टी के डीएनए में फलते फूलते आए अतीक और मुख्तार जैसे माफियाओं की छाया उभरने लगेंगी. फिर मुजफ्फरनगर का दंगा फन फुंफकारते हुए आस्तीन से बाहर निकल आएगा, फिर राममंदिर की कारसेवा में हिंदुओं पर चली गोलियों की तड़तड़ाहट की यादें प्रदेश को सन्न कर देगी.”
बता दें कि ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक लंबी पोस्ट लिखी है. उसमें कहा कि, “अखिलेश यादव जी,आपने मेरे सवाल के जवाब में अपनी टीम से लंबी चौड़ी थीसिस लिखवा दी और सोशल मीडिया पर पोस्ट भी कर दी. पर मेरी आपको सलाह है कि बच्चों से लिखवाई इस तरह की थीसिस को पोस्ट करने से पहले एक बार पढ़ जरूर लिया करें. उन्होंने ध्यान नहीं दिया होगा और आपने आदतन पढ़ा नहीं होगा. इस चक्कर में आपसे गलती ये हो गई कि पर्चा राजनीतिक विज्ञान का था और आपने जवाब होम साइंस वाली कुंजी से टीप दिया.”

