शालीमार बाग से बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली सीएम बनने के लिए तैयार हैं. रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजे से शुरू होगा.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Delhi CM Oath Ceremony : दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘शीशमहल’ के मुद्दे को एक और बार उछाला और आम आदमी पार्टी पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में बने ‘शीशमहल’ को म्यूजियम बनाएंगे. दिल्ली की नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने के बाद रेखा गुप्ता अपनी पूरी कैबिनेट के साथ यमुना दर्शन करने के लिए जा सकती हैं.
बता दें कि शालीमार बाग से बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए तैयार हैं. 50 वर्षीय विधायक रेखा गुप्ता को बुधवार (19 फरवरी) को बीजेपी विधायक दल की बैठक के दौरान सदन के नेता के रूप में चुना गया. इस महीने यानी फरवरी की शुरुआत में दिल्ली विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत के साथ 26 साल बाद बीजेपी ने दिल्ली की सत्ता में वापसी की है.
इनकी खुल सकती है किस्मत
विकासपुरी क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक डॉ पंकज सिंह दिल्ली की नई सरकार में बतौर मंत्री शामिल हो सकते हैं. दिल्ली बीजेपी विधायक रविंदर इंद्राज सिंह, जिनके मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है, जनकपुरी से बीजेपी विधायक और संभावित मंत्रियों की लिस्ट में शामिल आशीष सूद अपने परिवार के सदस्यों के साथ शपथ समारोह में शामिल होने के लिए निकल गए हैं. माना जा रहा है कि वह भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण कर सकते हैं.

