15 अगस्त से पहले शहर के सरकारी संस्थान विद्युत सजावट से तिरंगे का स्वरूप देने की कोशिश की गई, लोगों के आकर्षण का केंद्र बने दफ्तर. विद्युत मंडल शक्ति भवन, डीआरएम कार्यालय, नगर निगम सहित कई सरकारी संस्थानों का नजारा बेहद खूबसूरत और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
Source : DB News Update
Written By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
80th Independence Day: स्वतंत्रता दिवस से पहले शक्ति भवन विद्युत मंडल, डीआरएम कार्यालय, उच्च न्यायालय, कलेक्ट्रेट, नगर निगम सहित कई सरकारी दफ्तर आकर्षक विद्युत सजावट से तिरंगे के रंगों से रोशन हैं. शहर के प्रमुख मार्गों और सरकारी संस्थानों में तिरंगा एलईडी लाइटों से आकर्षक सजावट की गई है.
15 अगस्त से पहले आज 14 अगस्त को नरसिंह मंदिर शास्त्री ब्रिज गोरखपुर से सनातन तिरंगा यात्रा निकाली गई. सनातन तिरंगा यात्रा में शामिल भक्तों ने देशभक्ति का नारा लगाते हुए वाहन रैली निकाली. सनातन तिरंगा स्कूटर रैली में भारत माता की साक्षात जीवंत झांकी शामिल रही, जो सभी के आकर्षण का केन्द्र रही. इससे पहले शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी, जिसमें कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह अपने विधान सभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा का प्रतिनिधित्व किया, वहीं क्षेत्रीय विधायकों ने भी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया.
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला. लोग देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आए. देश के अलग-अलग हिस्सों में तिरंगे की रोशनी, तिरंगा यात्राओं और खास आयोजनों के जरिए आजादी के पर्व का उत्साह देखने को मिला.
धर्म और राष्ट्र की एकता का दिया संदेश
मध्य प्रदेश के जबलपुर में सनातन तिरंगा वाहन रैली के माध्यम से धर्म और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया. रैली में शामिल लोगों ने धर्म और राष्ट्र की अखंडता का संकल्प लेकर आयोजन में सहभागिता की. तिरंगा और भगवा ध्वज के साथ निकली रैली ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश दिया. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकली इस सनातन तिरंगा वाहन रैली में मातृशक्ति और युवा शक्ति की सहभागिता देखने को मिली.
कई जगह निकाली गई तिरंगा यात्रा
80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने कटंगा गोरखपुर से तिरंगा यात्रा निकाली और राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया. वहीं विधायक अभिलाष पाण्डे ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए.
कश्मीर में भी तिरंगे को लेकर उत्साह
तिरंगा यात्रा के माध्यम से जम्मू-कश्मीर में कई समारोह आयोजित किए गए. सभी जगह स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. मीडिया से चर्चा के दौरान यहां के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि नियंत्रण रेखा यानी एलओसी के निकट उरी सेक्टर समेत कई स्थानों पर तिरंगा रैलियां निकाली गईं. उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में एलओसी की आखिरी चौकी से उरी शहर तक तिरंगा बाइक रैली आयोजित की गई. इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों के साथ-साथ नागरिक प्रशासन के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया.
डीआरएम कार्यालय में 8 बजे होगा ध्वजारोहण
मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के निर्देशन पर मंडल के जबलपुर रेलवे स्टेशन सहित मंडल कार्यालय एवं अन्य सभी स्टेशनों एवं प्रमुख कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर में तिरंगी विद्युत सजावट की गई है जो की रात के समय बहुत ही आकर्षक नजर आती है. जबलपुर रेल मंडल के मंडल कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर आज प्रातः 8:00 बजे डीआरएम कमल कुमार तलरेजा द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा. इस मौके पर मंडल के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे. इस अवसर पर सांस्कृतिक एवं देश भक्ति के कार्यक्रम भी प्रस्तुति किए जायेगे. इसी तरह जबलपुर रेलवे स्टेशन में स्टेशन निदेशक द्वारा प्रातः 07.30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा. रेलवे की सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के कार्यालय में भी ध्वजारोहण प्रातः 10:00 बजे किया जाएगा.
स्वतंत्रता दिवस के जिले के मुख्य समारोह में किया आमंत्रित
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रेषित बधाई संदेश में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 9 बजे पुलिस लाईन परेड ग्राउंड पर आयोजित जिले के मुख्य समारोह में सहभागी बनने का आग्रह किया है. श्री सिंह ने अपने संदेश में कहा कि देश की आजादी का यह पर्व हमें देश प्रेम की भावना से ओत-प्रोत करता है तथा सशक्त और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों को ईमानदारी और निष्ठा से निभाने की प्रेरणा देता है. कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से राष्ट्र की एकता और अखंडता तथा विकास के लिये मिलकर योगदान देने का संकल्प लेने का आव्हान भी अपने शुभकामना संदेश में किया.

