मंगलवार से साढ़े 17 लाख विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा शुरू, सभी जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किये गये हैं. कर्मचारियों को मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध है.
Source :MEDIA
By : DB NEWS Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP Board Examination 2025: मध्य प्रदेश में बोर्ड की परीक्षाएं मंगलवार (25 फरवरी) से शुरू हो रही है. इन परीक्षाओं को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा रहे हैं. इसके अलावा मोबाइल पर कर्मचारियों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है
मध्य प्रदेश में बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर सरकार ने व्यापक पैमाने पर तैयारी की है. इस बार हाई स्कूल और हाई सेकेंडरी की परीक्षा में करीब 17 लाख विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं.
आज हायर सेकेंडरी की परीक्षा से बोर्ड परीक्षा की शुरुआत हो रही है. इस बार परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मचारियों को भी मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है. यदि वे मोबाइल के साथ दिखाई देते हैं तो उन पर भी जुर्माना होगा. हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं 25 मार्च तक आयोजित की जाएगी. इसके अलावा हाई स्कूल की परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होकर 21 मार्च तक चलेगी.
परीक्षा केंद्र में 8.55 पर वितरित किए जाएंगे प्रश्नपत्र
सुबह 6 से 7 बजे के बीच थानों से केंद्राध्यक्ष या सहायक केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर के प्रतिनिधि के उपस्थिति में प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे. 7 बजे के बाद प्रतिनिधि प्रश्नपत्र का बाक्स लेकर थानों से निकलेंगे. 8.30 बजे तक प्रश्नपत्र लेकर कलेक्टर प्रतिनिधि और केंद्राध्यक्ष को परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा. 8.30 बजे परीक्षा केंद्र में पहुंचने के बाद प्रश्नपत्र की पेटी खोली जाएगी. 8.45 बजे पर्यवेक्षकों को केंद्राध्यक्ष प्रश्नपत्र का पैकेट वितरित करेंगे. सुबह 8.50 बजे परीक्षा कक्ष में छात्रों को उत्तर पुस्तिका वितरित की जाएगी, जबकि 8.55 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे.
मोबाइल सील कर अलमारी में रखने के निर्देश
परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र पहुंचने से पहले केंद्राध्यक्ष को सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षा केंद्र में केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और परीक्षा कार्य में संलग्न सभी शिक्षक व स्टाफ का मोबाइल सील कर अलमारी में रखा जाए. ये सुनिश्चित करना होगा, कि परीक्षा के दौरान वहां किसी के पास मोबाइल फोन न रह जाए. वहीं प्रश्नपत्रों के बाक्स खोलने के पहले इसके एक तरफ का वीडियो बनाकर माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा नामांकित व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर प्रतिदिन सुबह 8.30 बजे से पहले भेजना होगा. इस दौरान प्रेक्षक भी परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करेंगे.
सुबह 8.40 के बाद नहीं मिलेगी एंट्री
बता दें कि बोर्ड परीक्षा का संचालन सुबह 9 बजे से किया जाएगा, लेकिन स्टूडेंट का परीक्षा केंद्र में 8.30 बजे रिपोर्ट करना होगा. यदि कोई छात्र परीक्षा शुरू होने से 20 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचता है, तो केंद्राध्यक्ष उचित कारण पूछने के बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दे सकेंगे, लेकिन यदि छात्र 8.40 के बाद परीक्षा केंद्र पर पहुंचते हैं, तो उन्हें एंट्री नहीं दी जाएगी. इसीलिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षार्थियों से परीक्षा केंद्र में आधे घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए हैं.
हिंदी के प्रश्न पत्र से हो रही शुरुआत
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकेंडरी की बोर्ड की परीक्षा का पहला पेपर हिंदी का है. यह परीक्षा सुबह 9:00 बजे शुरू होगी जो कि 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी. हाई स्कूल की 27 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा में भी पहला प्रश्न पत्र हिंदी का ही रखा गया है. हायर सेकेंडरी की परीक्षा में 7 लाख से ज्यादा विद्यार्थी शामिल होंगे जबकि हाई स्कूल की परीक्षा में 10 लाख के आसपास विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं.
परीक्षा केंद्रों पर ‘ईमानदारी की पेटी’
बोर्ड की परीक्षा में नकल रोकने के लिए उड़न दस्ते बनाए गए हैं. इसके बावजूद, परीक्षा केंद्रों पर ईमानदारी की पेटी रखी जाएगी. इस ईमानदारी की पेटी में विद्यार्थी अपने साथ लाई नकल सामग्री को फेंक सकेंगे. परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी केंद्र से भी निगरानी रखी जा रही है इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
बोर्ड परीक्षा में नहीं मिलेगी सप्लीमेंट्री कापी
माशिमं की दसवीं-बारहवीं परीक्षा में विद्यार्थियों को दो तरह की उत्तर पुस्तिकाएं मिलेंगी. 32 पेज की मुख्य विषय की और 24 पेज की वोकेशनल और संस्कृत विषय की कॉपी होगी. प्रायोगिक परीक्षाओं में 10वीं के विद्यार्थियों को आठ और 12वीं के विद्यार्थियों को 12 पन्नों की कॉपियां मिलेगी. गणित विषय में 32 पन्नों की ग्राफ कॉपी मिलेंगी. सप्लीमेंट्री कॉपी नहीं दी जाएगी. कॉपी में रोल नंबर छिपाने के लिए किसी भी तरह के स्टीकर का उपयोग नहीं किया जा सकेगा.

