26 फरवरी को शिवरात्रि के अंतिम स्नान पर्व तक गंगा और संगम में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 65 करोड़ से भी ऊपर पहुंच गई है.
By : DB News Update | Edited by : प्रिंस अवस्थी
Mahakumbha Mahashivratri Snan : आस्था के सबसे बड़े समागम प्रयागराज महाकुंभ में देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का आगमन जारी है. उत्तर प्रदेश में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में भक्तों की भारी उमड़ रही है. वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर और प्रयागराज में महाकुंभ में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. महाशिवरात्रि अमृत स्नान के साथ ही बुधवार को महाकुम्भ 2025 का समापन होना है. प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई भी असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं.
65 करोड़ को पार पहुंचेगी श्रद्धालुओं की संख्या
श्रद्धालुओं के संगम में स्नान करने वाले स्नानार्थियों की संख्या 65 करोड़ को पार पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है. प्रयागराज के जिलाधिकारी रवींद्र मांदड़ ने मीडिया को बताया कि “महाशिवरात्रि को लेकर हमारी पूरी तैयारी है. सभी शिवालयों में स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की गई हैं.”
व्यवस्थाओं को देखने के लिए कंट्रोल रूम पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाकुम्भ के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के स्नान की एक-एक फीड को लाइव देखा और कंट्रोल रूम से ही आला अधिकारियों को निर्देशित किया. सीएम योगी के निर्देश पर समस्त आला अधिकारी भी मुस्तैद नजर आए और सुबह से ही उन्होंने भी मोर्चा संभाल लिया. इससे पूर्व सीएम योगी ने बसंत पंचमी और माघ पूर्णिमा अमृत स्नान के अवसर पर भी प्रातः से वॉर रूम में अधिकारियों के साथ बैठक की थी और मॉनिटरिंग करते रहे थे.

