विदेश मंत्री जयशंकर 9 मार्च तक ब्रिटेन और आयरलैंड की आधिकारिक यात्रा पर हैं. इस दौरान खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने चैथम हाउस के बाहर प्रदर्शन किया.
Source : MEDIA
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Khalistani Supporters Protest In London: विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस समय ब्रिटेन के दौरे पर हैं. यहां पर खालिस्तानी उपद्रवियों ने जमकर हंगामा किया. खालिस्तानी उपद्रवियों ने लंदन में चैथम हाउस के बाहर जमकर उत्पात मचाया. विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस दौरान यहां पर एक कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे. इस घटना को लेकर विदेश मंत्रालय ने कड़ी निंदा की है.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को चैथम हाउस के बाहर प्रदर्शन किया, जहां विदेश मंत्री जयशंकर ने एक चर्चा में भाग लिया था. इमारत के बाहर प्रदर्शनकारियों ने खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाए.
समर्थकों ने की तिरंगे को फाड़ने की कोशिश
दरअसल, यह घटना तब हुई जब भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर एक प्रोग्राम में शिरकत करने के वहां से निकल रहे थे. सोशल मीडिया पर वायर वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स दौड़कर उनकी कार के पास पहुंचा और उसने तिरंगे को फाड़ने की कोशिश की. हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उस शख्स को पकड़कर वहां से हटा दिया.
कनाडा-ब्रिटेन में खालिस्तान समर्थक एक्टिव
दरअसल, पिछले कुछ सालों में कनाडा, ब्रिटेन जैसे मुल्कों में खालिस्तान समर्थक कुछ ज्यादा ही सक्रिय हो गए हैं. इस वजह से भारत की चिंताएं बढ़ गई हैं. खालिस्तानी समर्थक आए दिन यहां कुछ न कुछ भारत विरोधी गतिविधि करते रहते हैं. ब्रिटेन में खालिस्तानियों समर्थकों का यह प्रदर्शन कोई पहली बार नहीं हुआ है. साल 2023 में खालिस्तानी समर्थकों ने इंडियन एंबेसी में घुसकर उत्पात मचाया था. इस पर लगे तिरंगे का अपमान किया था. उसे उतारने की कोशिश की थी. एंबेसी के बाहर भारत विरोधी नारे लगाए थे. ब्रिटेन में जिस वक्त ये सब हुआ, उस समय भारतीय मूल के ऋषि सुनक वहां के प्रधानमंत्री थे. कनाडा में भारतीय दूतावास के बाहर खालिस्तानी समर्थकों ने उपद्रव किया था.
ब्रिटेन लंबे समय से चाह रहा है कि भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता हो
रक्षा मामलों के चर्चित भारतीय विशेषज्ञ ब्रह्मा चेलानी ने एक्स पर लिखे अपने पोस्ट में कहा, ‘ब्रिटेन लंबे समय से भारत के वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले और आतंकी तथा अपराधी आरोपों का सामना कर रहे भगोड़े लोगों का सुरक्षित ठिकाना रहा है. आज बिना भारत की चिंताओं को दूर किए ही ब्रिटेन चाहता है कि वह भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता करे. अब ब्रिटेन भारत के साथ फिर से वार्ता शुरू कर रहा है.’ ब्रिटेन लंबे समय से चाह रहा है कि भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता हो लेकिन अभी तक उसे निराशा हाथ लगी है. खालिस्तानियों के इस हमले से ब्रिटेन में सुरक्षा की पोल खुल गई है.
भारत ने ब्रिटेन को जमकर सुनाया
इससे पहले लंदन में खालिस्तान समर्थक नारे लगा रहे प्रदर्शनकारियों के एक छोटे समूह में शामिल एक व्यक्ति ने उस समय सुरक्षा घेरा तोड़कर विदेश मंत्री एस जयशंकर की कार को रोकने का प्रयास किया जब वह थिंक टैंक ‘चैथम हाउस’ के मुख्यालय से बाहर निकल रहे थे. भारत ने ‘अलगाववादियों और चरमपंथियों के इस छोटे समूह’ की भड़काऊ गतिविधियों की निंदा की है. अलगाववादियों के झंडे लहरा रहे समूह को रोकने के लिए बुधवार रात को अवरोधक लगाए गए थे और बड़ी संख्या में मौजूद पुलिसकर्मियों की उन पर नजर थी. तभी भारत का झंडा पकड़े एक व्यक्ति ने अवरोधकों को पार करके मंत्री की कार का रास्ता रोकने की कोशिश की और अधिकारी उसे पकड़ने के लिए दौड़े.
नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने सुरक्षा में चूक की इस घटना की निंदा की
मेट्रोपॉलिटन पुलिस अधिकारी उसे तुरंत एक तरफ ले गए. इस मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार किए जाने की सूचना नहीं है. सामुदायिक संगठन ‘इनसाइट यूके’ ने इस घटना का फुटेज सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा, ‘यह शर्मनाक है कि यह हमला उस समय हुआ है जब डॉ. एस जयशंकर ब्रिटेन की यात्रा पर हैं और उन्होंने ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी के साथ सफल बैठक की जहां उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा हुई.’ नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने सुरक्षा में चूक की इस घटना की निंदा की और ब्रिटिश सरकार से ‘अपने राजनयिक दायित्वों का पालन करने’ का आह्वान किया।

