भारत और PM मोदी विरोधी नारे लिखे, भारत सरकार की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. भारत सरकार ने मामले में सख्त एक्शन की मांग की है.
by: DB News Update / Edited by: Prince
US Hindu temple vandalised : अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के चिनो हिल्स स्थित हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ हुई. मंदिर की दीवारों पर पर PM मोदी और भारत विरोधी स्लोगन भी दिखाई दिए. भारतीय विदेश मंत्रालय ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है. BAPS स्वामीनारायण संस्था ने दुनियाभर में 1000 से भी ज्यादा मंदिर बनवाए हैं. BAPS का पूरा नाम बोचासनवासी श्री अक्षर पुरषोत्तम स्वामीनारायण संस्था है.
बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) ने शनिवार को कहा कि चीनो हिल्स में श्री स्वामीनारायण मंदिर को अपवित्र को किया गया. ‘बीएपीएस पब्लिक अफेयर्स’ ने पोस्ट किया कि एक और मंदिर को अपवित्र किया गया तथा इस बार कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स स्थित मंदिर में ऐसी घटना को अंजाम दिया गया है.
इसने कहा, “हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ दृढ़ता से खड़ा है. चीनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफोर्निया के लोगों के साथ मिलकर हम कभी भी नफरत को जड़ नहीं जमाने देंगे.”
3 साल में 10 मंदिरों पर हमले हुए
3 अगस्त और 16 अगस्त को न्यूयॉर्क में श्री तुलसी मंदिर और सितंबर 2024 में कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में श्री स्वामीनारायण मंदिर में ऐसी घटना हुई थी. 2022 से अब तक अमेरिका के अलग-अलग राज्यों में कम से कम 10 मंदिरों में हिंदुओं के लिए अभद्र भाषा लिखी जा चुकी हैं.
आस्था यह सुनिश्चित करेगी कि शांति और करुणा बनी रहे
एक्स पोस्ट में, बीएपीएस पब्लिक अफेयर्स ने लिखा, “एक और मंदिर का अपवित्रीकरण, इस बार चिनो हिल्स, सीए में, हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ डटकर खड़ा है. चिनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफोर्निया में समुदाय के साथ मिलकर, हम कभी भी नफरत को जड़ नहीं जमाने देंगे. हमारी साझा मानवता और आस्था यह सुनिश्चित करेगी कि शांति और करुणा बनी रहे.”
वहीं, उत्तरी अमेरिका के हिंदुओं के गठबंधन (सीओएचएनए) ने भी एक्स पर घटना का विवरण साझा किया और कहा कि कैलिफोर्निया में प्रतिष्ठित बीएपीएस मंदिर का अपमान लॉस एंजिल्स में ‘तथाकथित खालिस्तान जनमत संग्रह’ से पहले हुआ.
एक और हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई
सीओएचएनए ने ट्वीट किया, “एक और हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की गई – इस बार चिनो हिल्स, सीए में प्रतिष्ठित बीएपीएस मंदिर में. यह दुनिया में एक और दिन है जब मीडिया और शिक्षाविद इस बात पर जोर देंगे कि हिंदू विरोधी कोई नफरत नहीं है और #हिंदूफोबिया सिर्फ हमारी कल्पना की उपज है. यह आश्चर्य की बात नहीं है कि ऐसा तब होता है जब लॉस एंजिल्स में तथाकथित ‘खालिस्तान जनमत संग्रह’ का दिन करीब आ रहा है.”
पोस्ट में 2022 से मंदिरों में तोड़फोड़ के अन्य हालिया मामलों को सूचीबद्ध किया गया है और मामले की जांच की अपील की गई है. यह नवीनतम घटना न्यूयॉर्क में बीएपीएस मंदिर में इसी तरह की घटना के 10 दिनों से भी कम समय बाद हुई है.
‘हिंदू विरोधी’ संदेशों में ‘हिंदू वापस जाओ’ जैसे वाक्यांश शामिल थे
कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में स्थित सबसे बड़े हिंदू मंदिरों में से एक, बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में ‘भारत विरोधी’ संदेश लिखकर तोड़फोड़ की गई. ‘हिंदू विरोधी’ संदेशों में ‘हिंदू वापस जाओ’ जैसे वाक्यांश शामिल थे, जिससे स्थानीय हिंदू समुदाय चिंतित हो गया. घटना को लेकर बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (BAPS) ने भी अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. अमेरिका के लिए बीएपीएस के आधिकारिक पेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना का विवरण साझा करते हुए कहा कि वे ‘नफरत को कभी जड़ नहीं जमाने देंगे’ तथा शांति और करुणा कायम रहेगी.
घृणित कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं-विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “हमने कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में एक हिंदू मंदिर में हुई तोड़फोड़ के बारे में रिपोर्ट देखी है. हम इस तरह के घृणित कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. हम स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों से इन कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पूजा स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं.”

