चारधाम यात्रा के दौरान इस बार केदारनाथ व बदरीनाथ मंदिर परिसर में 30 मीटर के दायरे में वीडियो व रील बनाने पर प्रतिबंध रहेगा.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Chardham Yatra: 30 अप्रैल 2025 से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है. इससे पहले BKTC (Shri Badrinath-Kedarnath Temple Committee) ने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में वीडियो और रील्स बनाने पर बैन लगा दिया है. इसके तहत दोनों मंदिरों के 30 मीटर के दायरे में कोई भी शख्स वीडियो-रील्स नहीं बना पाएगा. समिति का कहना है कि अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यात्रा में भक्तों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो
केदारनाथ (Kedarnath) और बद्रीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर के आसपास वीडियो और रील बनाने लगते हैं. जिस कारण लोगों को दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा था. पिछले वर्ष केदारनाथ धाम परिसर में रील बनाने पर पुरोहितों ने काफी विरोध व्यक्त किया था. कई बार यहां पर विवाद की स्थिति भी देखी गई थी, जिसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे. यही कारण है कि इस बार चार धाम यात्रा से पहले बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति विशेष तैयारियों भी जुट गई है. ताकि भक्तों को यात्रा में किसी तरह की कोई परेशानी न हो. इसके लिए मंदिर समिति एक गाइडलाइन भी जारी कर रही है.

