अयोध्या में सोमवार रात राम जन्मभूमि ट्रस्ट को ई-मेल आया, जिसमें लिखा है कि बढ़ा लो मंदिर की सुरक्षा
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Ram Mandir UP News : अयोध्या के राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सोमवार रात राम जन्मभूमि ट्रस्ट को ई-मेल आया, जिसमें लिखा है- मंदिर की सुरक्षा बढ़ा लो. ट्रस्ट ने साइबर सेल में केस दर्ज कराया है. धमकी मिलने के बाद जन्मभूमि परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इलेक्ट्रॉनिक निगरानी सिस्टम भी चालू कर दिया गया है.
कई जिलों में DM को धमकी मिली
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बाराबंकी, चंदौली और अलीगढ़ समेत कई जिलों के जिलाधिकारियों को भी धमकी भरा ई-मेल आया है. इसमें DM ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ये सभी मेल तमिलनाडु से भेजे गए हैं.
बम से उड़ाने की धमकी कई बार मिल चुकीं
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से कई बार धमकी मिल चुकी है. खालिस्तानी आतंकी पन्नू भी कई बार धमकी दे चुका है. वहीं, 3 मार्च को अयोध्या के रहने वाले अब्दुल रहमान को पकड़ा गया था. वह राम मंदिर पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने की साजिश कर रहा था. वह हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी लेने के लिए अयोध्या से फरीदाबाद गया था. वह साजिश को अंजाम दे पाता, इससे पहले ही पकड़ा गया. सुरक्षा एजेंसियों को पूछताछ के बाद पता चला कि अब्दुल रहमान ISI के इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रोविंस (ISKP) मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था.

