विश्व विजेता टीम के लौटने पर नरेन्द्र मोदी ने नाश्ते में आमंत्रित किया, खिलाड़ियों ने आखिरी ओवर के अनुभव साझा किए
Source : DB News Update
BY- Dbnewsupdate| Edited By- Supriya
Teams india meets PM Narendra Modi:नईदिल्ली. रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह समेत टीम इंडिया के खिलाड़ी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए पीएम हाउस पहुंचे तो वे अलग ही अंदाज में नजर आए. पीएम हाउस में खिलाड़ियों के साथ मुलाकात का वीडियो सामने आया है, जिसमें पीएम मोदी उनके अनुभव के बारे में जान रहे हैं. प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से पूछा कि उनका फाइनल मैच और आखिरी ओवर में कैसा अनुभव था.
मोदी ने भारतीय टीम को नाश्ते पर आमंत्रित किया
टी20 विश्व कप जीत कर इंडियन क्रिकेट टीम आज तड़के भारत लौट आई है. स्वदेश वापसी के दौरान टीम इंडिया के खिलाड़ी सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंचे. पीएम मोदी ने भारतीय टीम को नाश्ते पर आमंत्रित किया था. भारतीय टीम गुरुवार तड़के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची थी.
विजेता टीम को वानखेड़े स्टेडियम में सम्मानित किया जाएगा
पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी मुंबई के लिए रवाना होंगे, जहां बीसीसीआई ने नरीमन प्वाइंट से वानखेड़े तक एक किलोमीटर की विजय परेड की व्यवस्था की है. इसके बाद, विजेता टीम को वानखेड़े स्टेडियम में सम्मानित भी किया जाएगा.
बीसीसीआई ने टीम के लिए एक विशेष चार्टर्ड एयर इंडिया फ्लाइट की व्यवस्था की. बोइंग 777 फ्लाइट नेवार्क, न्यू जर्सी से बुधवार तड़के ब्रिजटाउन के ग्रांटली एडम्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची. इसके बाद विशेष विमान स्थानीय समयानुसार सुबह 4:50 बजे ब्रिजटाउन से रवाना हुआ.
नई दिल्ली में उतरने के बाद, टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम आईटीसी मौर्य होटल पहुंची जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया.
मुंबई में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भारतीय क्रिकेट टीम के मुंबई में होने वाले रोड शो के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. विजय जुलूस नरीमन प्वाइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक शाम पांच से सात बजे के बीच निकाला जाएगा. इस कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने की उम्मीद है इसलिए पुलिस किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अत्यधिक सावधानी बरत रही है. नरीमन प्वाइंट और वानखेड़े स्टेडियम के बीच मरीन ड्राइव पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है.
टी20 वर्ल्ड कप में भारत को मिली दूसरी बार जीत
रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने हाथ में उठाने में कामयाब हुई है. इससे पहले 2007 में धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया था. उस दौरान टीम के कप्तान जहां धोनी थे. वहीं हेड कोच की जिम्मेदारी पूर्व क्रिकेट लालचंद राजपूत के हाथों में थी.
वहीं इस बार टीम की अगुवाई रोहित शर्मा ने की. इसके अलावा हेड कोच के पद पर देश के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर राहुल द्रविड़ थे. हालांकि, टूर्नामेंट जीतते ही रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. वहीं द्रविड़ ने पहले ही आगे पअपने पद पर बने रहने में इच्छ नहीं व्यक्त की थी. अब जल्द ही टीम इंडिया को एक नए कोच और कप्तान की दरकार है.
टी20 विश्व कप नायकों का गुरुवार को घर लौटने पर गर्मजोशी से स्वागत
यहां बतादें कि भारत के टी20 विश्व कप नायकों का गुरुवार को घर लौटने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया था. टीम, सहायक कर्मचारी और लगभग 20 मीडियाकर्मी भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा व्यवस्थित एक विशेष चार्टर विमान से नई दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे। सचिव जय शाह भी एयर इंडिया के विमान से टीम के साथ यात्रा कर रहे थे. गौरतलब है कि यह चार्टर विमान बीसीसीआई द्वारा विश्व कप नायकों को वापस लाने के लिए व्यवस्थित किया गया था, जो तूफान बेरिल के कारण तीन दिनों तक बारबाडोस में फंसे रहे थे.
कतार में खड़े नजर आए थे प्रशंसक
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 के बाहर हजारों प्रशंसक वापसी करने वाले खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए कतार में खड़े थे.
प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुलाकात के बाद, भारतीय टीम हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गई, जहां से वे मुंबई के लिए उड़ान भरेंगे और पूरे शहर में खुली बस परेड निकालकर अपनी जीत का जश्न मनाएंगे.


