यीडा के सीईओ ने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेमीकंडक्टर यूनिट के रूप में उत्तर प्रदेश को एक उपहार दिया है, जिससे प्रदेश सेमीकंडक्टर का सुपर हब बनेगा.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
UP News: ”केंद्रीय कैबिनेट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेमीकंडक्टर यूनिट के रूप में उत्तर प्रदेश को एक उपहार दिया है. यह संयुक्त उद्यम हार्डवेयर डेवलपमेंट में प्रसिद्ध एचसीएल और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में ग्लोबल लीडर फॉक्सकॉन के बीच होगा. यहां इन्क्यूबेशन सेंटर भी बनाया जाएगा.” यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सीईओ अरुणवीर सिंह ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सेमीकंडक्टर यूनिट से दो हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा. यह प्लांट 3,700 करोड़ रुपए के निवेश से यीडा के सेक्टर-28 में स्थापित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर सेक्टर में उत्तर प्रदेश को ‘सुपर हब’ के तौर पर स्थापित करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम सिद्ध होगा.
जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगी यूनिट
सीईओ ने आगे कहा कि यह भारत सरकार का छठा प्रोजेक्ट है, जिसे स्वीकृत किया गया है. इसके अलावा, यूपी में सेमीकंडक्टर के लिए छह और प्रस्ताव आए थे, जो सभी यीडा के लिए उत्तर प्रदेश ने प्रस्तावित किए हैं. यीडा के सीईओ अरुणवीर ने कहा, “सेमीकंडक्टर प्लांट के लिए अप्रूवल एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जाना चाहिए. लोकेशन की बात करें तो प्लांट की बिल्डिंग एक्सप्रेसवे से काफी नजदीक है. यह यूनिट जेवर में जल्द ही संचालित होने जा रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के समीप होगी.”

