सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आतंकवादियों को “हमारे अपने” कहकर संबोधित किया, जिससे विवाद खड़ा हो गया है.
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Faggan Singh Kulaste Statement: मध्य प्रदेश में सियासी पारा गर्म ही था कि अब एक बार फिर एमपी के सांसद चर्चा में आ गए हैं. इससे पहले कैबिनेट मंत्री विजय शाह का बयान चर्चा का विषय बन गया था, उसके बाद डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का बयान भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया। अब अब वरिष्ठ सांसद के मुंह से कुछ ऐसा निकल गया, जिसकी वजह से वे घिर गए. दरअसल पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अजीबोगरी बयान देते हुए आतंकियों को ‘हमारे अपने’ कहकर संबोधित कर दिया. उन्होंने ने बुधवार (14 मई) को कहा था, ”पाकिस्तान के हमारे आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है.” शुक्रवार (16 मई) की शाम से सांसद के इस बयान का वीडियो वायरल हो रहा है.
कांग्रेस ने साधा बीजेपी पर निशाना
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर फग्गन सिंह कुलस्ते का वीडियो शेयर कर बीजेपी और सांसद पर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा, ”बीजेपी के कैबिनेट मंत्री विजय शाह और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के बाद अब पूर्व केंद्रीय मंत्री और मंडला से बीजेपी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आतंकियों को ‘अपना’ कह दिया! कुलस्ते ने कहा कि सेना ने पाकिस्तान के जो ‘हमारे’ आतंकवादी हैं, उन्हें मुंह तोड़ जवाब दिया है!”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए जीतू पटवारी ने आगे लिखा, ”पीएम मोदी, क्या बीजेपी सोची/समझी रणनीति के तहत मेरे मध्य प्रदेश की छवि खराब कर रही है? आप चुप हैं, तभी बेलगाम और बदजुबान नेता सारी मर्यादाओं को लांघ रहे हैं!”

