स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में पदों की भर्ती प्रक्रिया की प्रगति समीक्षा की
Source : DB News Update
BY- DB News Update| Edited By- Supriya
MP News: एमपी भोपाल. उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मो. सुलेमान, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विवेक कुमार पोरवाल, एम.डी. एनएचएम श्रीमती प्रियंका दास, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्री तरुण पिथोड़े, अपर सचिव चिकित्सा शिक्षा श्री पंकज जैन को निर्देशित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में पदों की भर्ती प्रक्रिया की प्रगति लाएं और समय-सीमा में भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करें। इसके अलावा निर्माण में भी तेजी लाने के आदेश दिए गए.
मेडिकल कॉलेज सहित स्वास्थ्य संस्थानों की समीक्षा
उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग वित्तीय वर्ष 2024-25 के वित्तीय प्रावधान अनुसार और प्रगतिरत निर्माण कार्यों की कार्य योजना की वृहद् समीक्षा की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य संस्थानों, नर्सिंग कॉलेज एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के नवीन निर्माण कार्यों के साथ उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण के विभिन्न चरणों की भी समीक्षा की।
उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिये कि समस्त गतिविधियों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाये। उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि औपचारिकताओं की कमी से कार्य में विलंब नहीं होना चाहिए।
3 हज़ार 555 निर्माण कार्य प्रावधानित और प्रगतिशील
उप-मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने केंद्र से समन्वय वाले आवश्यक विषयों को रेखांकित करने के लिए कहा ताकि केंद्र स्तर से चर्चा कर उनका शीघ्र निराकरण किया जा सके। वर्तमान में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग अन्तर्गत 3 हज़ार 555 निर्माण कार्य प्रावधानित और प्रगतिशील हैं।
इनमें स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 2 हज़ार 782, म.प्र. भवन विकास निगम द्वारा 72, लोक निर्माण विभाग द्वारा 17, म.प्र. हाउसिंग बोर्ड द्वारा 263, पीआईयू द्वारा 385, म.प्र. पुलिस हाउसिंग द्वारा 34, ब्रिज एंड रूफ द्वारा 2 निर्माण कार्य किये जा रहे हैं।
स्वास्थ्य संस्थाओं में लंबित आउटसोर्स पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की 13 अप्रैल 2026 में एक बार फिर विस्तृत समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि प्रदेश के समस्त जिलों में स्वास्थ्य संस्थाओं में लंबित आउटसोर्स पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण की जाए। उन्होंने आयुष्मान योजना अंतर्गत संबद्ध अस्पतालों में एनएबीएच मान्यता की अनिवार्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके। बैठक में 6 माह के सोनोग्राफी कोर्स पूर्ण करने वाले उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को शीघ्र प्रमाण पत्र प्रदान किए जाने की प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेडिकल कॉलेज ग्वालियर में सीटीवीएस एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाने पर बल दिया गया।
सरकार आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय-सीमा में परिणाम दें। उन्होंने यह भी कहा कि सुपरस्पेशलिटी सेवाओं में निरंतर भर्ती प्रक्रिया जारी रखी जाए, जिससे प्रदेश के नागरिकों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हो सकें। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बुधनी, दमोह एवं छतरपुर मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बुधनी, दमोह एवं छतरपुर मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत नर्सिंग कॉलेजों में नर्सिंग शिक्षकों के 59 राजपत्रित पदों पर भर्ती के लिये मांग पत्र लोक सेवा आयोग को तत्काल प्रेषित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीसीएचबी में नवीन पदों के सृजन के लिए प्रस्ताव तैयार करने और जिला चिकित्सालय राजगढ़ में रैन बसेरे के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि कि इन सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रगति की समीक्षा समय-समय पर की जाए। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री अशोक बर्णवाल, आयुक्त श्री धनराजू एस सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

