सड़क और नाली निर्माण के शेष बचे कार्य को पूरा करने के लिए 8 जुलाई तक बंद रखने का प्लॉन
Source : DB News Update
By : DB न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
MP News Jabalpur : मदन महल से दमोहनाका तक बनाए गए फ्लाई ओवर के एक्सटेंशन का काम अभी बकाया है. बचे कार्य को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने ट्रैफिक रूट में परिवर्तन किया है. क्योंकि दमोहनाका चौक के पास सड़क और नाली निर्माण का कार्य शेष बचा है. इसे पूरा करने दमोह नाका चौक मार्ग से वाहनों के आवागमन पर 30 जून तक लगी रोक की अवधि बढ़ा दी गई है. फ्लाईओवर के नीचे का यह मार्ग अब 8 जुलाई तक वाहनों के आवागमन के लिये बंद रहेगा. इस मार्ग पर आने जाने वाले वाहनों को पूर्व के अनुसार डायवर्टेड रूट से गुजरना होगा.
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुये बताया दमोह नाका चौक पर सड़क एवं नाली निर्माण का कार्य वर्षा के कारण बाधित हुआ है और शेष बचे कार्य को पूरा करने इस मार्ग को वाहनों के आवागमन के लिये अब आठ जुलाई तक बंद करने का निर्णय लिया गया है.
कार्यपालन यंत्री श्री सिंह ने बताया कि दमोह नाका चौक को आवागमन के लिये बंद किये जाने की अवधि बढ़ाये जाने से इस मार्ग पर यातायात का डायवर्सन पूर्व के अनुसार ही रहेगा. जिन वाहन चालकों को जल्दी अपने घर या ऑफिस पहुंचना है. उन्हें डायवर्ट रूट से ही सफर करना चाहिए.
दो बार लिया जा चुका है एक्सटेंशन
दमोहनाका से आईएसबीटी और गोहलपुर थाना की ओर जाने वाले रास्तों में नाली, सडक़ बनाने के लिए दो बार मार्ग को बंद करने का एक्सटेंशन लिया जा चुका है. लेकिन अब भी काम पूरा नहीं हो पा रहा है. कई जगह आधा अधूरा काम पड़ा है तो कहीं शुरू ही नहीं हो पा रहा है.
कई जगह रोड का काम अभी भी अधूरा
आईएसबीटी की ओर जाने वाली एक ओर की सड़क का काम कई दिनों से बंद पड़ा है. यहां नाली भी बनना है, जिसके लिए रास्ते को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. ऐसे में निजी अस्पताल, शांतिनगर कॉलोनी में जाने वाले मुख्य मार्ग बंद हो गए हैं. ये कब शुरू होंगे इसका जवाब कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या निर्माण करने वाली एजेंसी के वर्कर नहीं दे पा रहे हैं.
बंद पड़ी है गोहलपुर रोड
दमोहनाका से गोहलपुर की ओर जाने वाला रास्ता पंद्रह दिनों में बनाने की बात कहकर बंद किया गया था. लेकिन वह भी आज तक पूरा तैयार नहीं हो पाया है. सड़क ढलाई का काम दो दिन पहले तक चलता रहा है. इस रास्ते पर रोजाना सुबह शाम जाम लग रहा है.
अव्यवस्थित कार्यशैली बन रही सिरदर्द
बताया जाता है कि फ्लाईओवर निर्माण कर रही कंपनी के काम की गति धीमी है, जिसके कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, परेशानी की मुख्य वजह अव्यवस्थित कार्यशैली है. कंपनी के लोग कभी भी कहीं भी अचानक रास्ता बंद कर देते हैं, भारी भरकम मशीनरी खड़ी कर रहे हैं साथ ही निर्माण वाली साइट्स पर सुरक्षा का बिलकुल भी ध्यान नहीं देते हैं. जिससे आम राहगीर परेशान हो चुका है. कई बार दुकानदारों व स्थानीय लोगों का कंपनी अधिकारियों से विवाद भी हो चुका है.
ऐसा बनाया गया है प्लॉन
आधारताल रूट
- आधारताल से दमोह नाका की तरफ आने वाहन मेट्रो बस, हैवी व्हीकल, कार, ऑटो रिक्शा और ई- रिक्शा आदि को गोहलपुर थाने से अमखेरा रोड से खजरी बायपास मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे.
- दो पहिया वाहन शांति नगर चौक से दाहिने और डायवर्ट होते हुए पाटन मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे.
रानीताल रूट
- रानीताल चौक से दमोह नाका की ओर आने वाले ट्रैफिक मेट्रो बस, हैवी व्हीकल, कार, ऑटो रिक्शा एवं ई-रिक्शा आदि को बल्देवबाग चौक से एम आर-4 रोड की तरफ बाएं ओर मार्ग डायवर्ट रहेगा.
- दो पहिया वाहनों के लिये गोपाल आर्केड पिलर नम्बर 33 से बाईं ओर के मार्ग का उपयोग कर सकेंगे.
पाटन रूट
- पाटन एवं आईएसबीटी चौक से दमोह नाका की तरफ आने वाले वाहन मेट्रो बस, हैवी व्हीकल, कार, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा आदि को आईएसबीटी से खजरी बायपास होते हुये अमखेरा रोड की ओर डायवर्सन रूट पर चल सकेंगे.
- दो पहिया वाहन मेट्रो हॉस्पिटल की बायीं ओर के डायवर्टेड रूट का इस्तेमाल कर सकेंगे.
