Mallikarjun Kharge News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को याद दिलाते हुए कहा कि आपने एनआरए का गठन करने के बाद इसे लेकर कई तरह के दावे किए थे, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है।
By : DB News Update
Edited By- Supriya
मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, “नरेंद्र मोदी जी, कल आप मुंबई में नौकरियां देने पर झूठ का मायाजाल बुन रहे थे. मैं आपको फिर से याद दिलाना चाहता हूं कि आपने नेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी (NRA) की घोषणा करते हुए क्या कहा था.”
खरगे एनआरए की दिलाई याद
मल्लिकार्जुन खरगे ने आगे लिखा, “अगस्त 2020 में आपने कहा था कि NRA करोड़ों युवाओं के लिए वरदान साबित होगी. सामान्य पात्रता परीक्षा के माध्यम से, यह कई परीक्षाओं को समाप्त कर देगा और कीमती समय के साथ-साथ संसाधनों की भी बचत करेगा. इससे पारदर्शिता को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा.”
पीएम मोदी से पूछे ये तीन सवाल
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी से तीन सवाल किए, जो निम्नलिखित हैं-
- NRA ने पिछले 4 वर्षों से एक भी परीक्षा क्यों नहीं कराई?
- क्यों NRA को ₹1,517.57 करोड़ का फंड मुहैया कराने के बावजूद, 4 वर्षों में अब तक केवल ₹58 करोड़ खर्चा किया गया है?
- NRA सरकारी नौकरियों की भर्ती के लिए संस्था बनी थी. क्या जानबूझकर NRA को निष्क्रिय रखा गया, ताकि SC, ST, OBC व EWS युवाओं से उनके आरक्षण का हक छीना जा सके?
BJP-RSS ने उठाया है भविष्य खराब करने का बीड़ा: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने आगे कहा कि NTA से धांधली, पेपर लीक व घोटाला कराया गया और NRA से परीक्षा ही नहीं करवाई गई.. ऐसा क्यों? शिक्षा प्रणाली को तहस-नहस करने का और युवाओं के भविष्य को तंग-तबाह करने का बीड़ा BJP-RSS ने उठाया है. उन्होंने कहा कि हमने NRA का मुद्दा पहले भी उठाया था, लेकिन मोदी सरकार मौनव्रत धारण कर के बैठी हुई है.

