सीएम मोहन यादव ने कहा कि एमपी की दीर्घकालिक योजना के निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेश की जरूरत है. यह न केवल आर्थिक विकास पर केंद्रित हो, बल्कि सांस्कृतिक एवं विरासत को भी आगे बढ़ाए.
By : DB न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
MP CM Mohan Yadav: प्रदेश सरकार कपास उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने एवं उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्हें अत्यधिक कंपनियों में प्रशिक्षण प्रदान करेगी. बर्सिलोना में सबमर कंपनी के साथ डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए एमओयू साइन किया है. यह करीब 3800 करोड़ का है. बता दें कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी विदेश यात्रा से भारत लौट आए हैं. स्वदेस लौटने पर सीएम मोहन यादव का भव्य स्वागत किया गया. मुख्यमंत्री दुबई और स्पेन की यात्रा पर गए थे.
11000 करोड़ का निवेश प्रस्ताव मिले
सीएम मोहन यादव ने बताया है कि हमारी सरकार ने 22 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ रणनीतिक साझेदारी के लिए एमओयू साइन किए. दुबई-स्पेन की यात्रा में कुल 11000 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दुबई एक छोटी दुनिया है. वहां सभी देशों के नागरिक भी रहे हैं, व्यापारी भी रह रहे हैं. हमारे प्रधानमंत्री भी व्यापार व्यवसाय की वृद्धि के लिए 7 बार दुबई की यात्रा कर चुके हैं. हमारी दुबई यात्रा की शुरुआत अनंतारा होटल से हुई. यहां अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाही से मुलाकात हुई. हमने उनके साथ शिक्षा,युवा सहभागिता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की.
5701 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए
14 जुलाई को इंवेस्ट इन मध्यप्रदेश के माध्यम से बिजनेस फोरम का आयोजन हुआ. 30 से ज्यादा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग की. प्रमुख निवेश की बात करें तो दुबई यात्रा के दौरान हमको 5701 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. इनमें बीएमडब्ल्यू डेवेलपर्स के 2750 करोड़, कोनारेस मेटल के 640 करोड़, स्पेन कम्युनिकेशन और अल्फा मिया के 500 करोड़, सराफ ग्रुप और रिलायंस डिफेंस के 250-250 करोड़ शामिल हैं.
फिल्म निर्माण के लिए एमओयू किया
स्पेन के साथ फिल्म निर्माण के लिए एमओयू किया गया है. स्पेन के फिल्म निर्माता मध्यप्रदेश में फिल्म निर्माण करेंगे. 17 जुलाई को इंडिटेक्स सिटी का दौरा किया. हमने यहां जारा इंडस्ट्री का दौरा किया. कंपनी ग्रीन एनर्जी पर फोकस कर रही है. जब हमने उन्हें बताया कि हम तो पहले से ग्रीन एनर्जी को लेकर नई -नई चीजें कर रहे हैं तो उन्होंने कहा कि हम आपको सारा ऑर्डर देने को तैयार हैं.
रणनीतिक साझेदारी के लिए एमओयू साइन किया
सीएम यादव ने कहा कि 22 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ रणनीतिक साझेदारी के लिए एमओयू साइन किया गया है. इस दौरे में कुल 11000 करोड़ से अधिक के एमओयू साइन हुए. हमारी सरकार बनने के बाद हमने पांच देशों की यात्रा की और निवेशकों को आकर्षित किया. आरआईसी के माध्यम से 4.50 लाख करोड़, ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के माध्यम से 30.77 लाख करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ.

