राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और PM मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर दी श्रद्धांजलि. इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई अन्य नेताओं ने वीर सैनिकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की.
By : DB न्यूज अपडेट | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Kargil Vijay Diwas: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की है. पीएम मोदी ने कहा कि देश के लिए मर मिटने का उनका जज्बा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा. वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा देश उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान सदैव याद करता रहेगा. इसके अलावा गृह मंत्री, रक्षा मंत्री सहित अनेक राजनीति से जुड़े लोगों ने कारगिल विजय दिवस पर मातृभूमि पर मिटने वालों को याद किया.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की ढेरों शुभकामनाएं. यह अवसर हमें मां भारती के उन वीर सपूतों के अप्रतिम साहस और शौर्य का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. मातृभूमि के लिए मर-मिटने का उनका जज्बा हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा. जय हिंद!
राष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मैं मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं. यह दिवस हमारे जवानों की असाधारण वीरता, साहस एवं दृढ़ संकल्प का प्रतीक है. देश के प्रति उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा. जय हिन्द! जय भारत!”
देश के सम्मान की रक्षा में असाधारण साहस- रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा कि कारगिल विजय दिवस पर, मैं उन वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी देश के सम्मान की रक्षा में असाधारण साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया. कारगिल युद्ध के दौरान उनका सर्वोच्च बलिदान हमारे सशस्त्र बलों के अटूट संकल्प की चिरस्थायी याद दिलाता है. भारत उनकी सेवा का सदैव ऋणी रहेगा.
गृह मंत्री ने ऑपरेशन विजय को किया याद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर जवानों के गौरव और विजयगाथा का अविस्मरणीय दिन है. वर्ष 1999 में हमारे जवानों ने ‘ऑपरेशन विजय’ से दुश्मनों को घुटनों पर लाकर, अदम्य साहस व पराक्रम की अमिट मिसाल पेश की. कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उन सभी शूरवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा हेतु अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. यह राष्ट्र आपके त्याग व बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा.

