उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव अगले महीने 9 सितंबर को होगा और नामांकन की आखिरी तारीख 21 अगस्त यानी कल बुधवार तक है. एनडीए ने अपने उम्मीदवार का ऐलान दो दिन पहले ही कर दिया था.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Vice President Election: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. इंडिया ब्लॉक ने सुप्रीम कोर्ट पूर्व जज बी सुदर्शन रेड्डी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. रेड्डी गोवा के पहले लोकायुक्त रह चुके हैं. सुदर्शन रेड्डी का मुकाबला एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से होगा. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रेड्डी के नाम की घोषणा की.
सुदर्शन रेड्डी का पहला रिएक्शन
बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा, ‘INDIA गठबंधन की ओर से मुझे उम्मीदवार के रूप में पेश करने के लिए धन्यवाद, लेकिन आपके बिना यह संभव नहीं होता. एक उम्मीदवार के रूप में, मैं सभी सांसदों से विनम्रतापूर्वक अनुरोध और अपील करता हूं कि वे मेरी उम्मीदवारी का समर्थन करें.’
दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सुदर्शन रेड्डी ने कहा, ‘उपराष्ट्रपति का चुनाव सांसद करते हैं. राजनीतिक दल उम्मीदवारों को प्रायोजित कर सकते हैं. इस देश में केवल एक ही नागरिकता है. मैं और सीपी राधाकृष्णन जी भारतीय नागरिक हैं. चाहे दक्षिण हो, उत्तर हो, पूर्व हो, पश्चिम हो, कुछ भी मायने नहीं रखता.’

