12 दिन बाद यूपी के लखीमपुर खीरी, नेपाल बॉर्डर से पुलिस ने सुरक्षित बरामद किया. वह नर्मदा एक्सप्रेस से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई थीं.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Indore Missing Girl News: एमपी इंदौर से कटनी के लिए रवाना हुई अर्चना तिवारी के अचानक गायब हो जाने से देश भर में सनसनी खिची हुई थी. जिसके चलते रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस पर सवाल खड़े किए जा रहे थे. आखिरकार पुलिस को अर्चना का पता लगाने में सफलता मिल ही गई. पुलिस ने अर्चना को नेपाल बॉर्डर से रिकवर कर लिया है. उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से लड़की को पुलिस ने बरामद किया है. SRP भोपाल के राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि 7 और 8 अगस्त की दरमियानी रात इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस के B-3 कोच से अर्चना तिवारी लापता हो गई थीं.
क्या है पूरा मामला
अर्चना तिवारी इंदौर से कटनी जा रही थीं और ट्रेन के B-3 कोच में बर्थ नंबर 3 पर सफर कर रही थीं. कटनी पहुंचने पर उनकी बर्थ खाली मिली, लेकिन उनका बैग और राखी वहीं मौजूद था. अर्चना इंदौर में सिविल जज की तैयारी कर रही थीं और रक्षाबंधन के मौके पर घर लौट रही थीं. परिजनों ने तुरंत जीआरपी कटनी को सूचना दी और रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई.
12 दिनों के लगातार अभियान के बाद मिली सफलता
जीआरपी प्रभारी अनिल मरावी ने बताया था कि अर्चना की अंतिम बातचीत उनकी मां से गुरुवार रात 10:16 बजे हुई थी. इसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया और मोबाइल की आखिरी लोकेशन भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन के पास दर्ज हुई. पुलिस ने पिछले 12 दिनों से जंगलों और कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी थी और साइबर टीम भी इस मामले में सक्रिय थी.
राम तोमर से मिला सुराख
अर्चना तिवारी का टिकट राम तोमर व्यक्ति ने कराया था. उससे पुलिस के द्वारा गहन पूछताछ की गई, जिसके बाद पता चला कि अर्चना विगत 2 साल से उसके संपर्क में थी. जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने जब पतासाजी की तो अर्चना की लोकेशन दिल्ली सरोजनी नगर में मिली. पुलिस जब तक वहां पहुंचती, अर्चना वहां से 4 दिन पहले ही निकल चुकी थी. उसके बाद पुलिस ने जब ट्रैकिंग की तो पता चला की अर्चना काठमाण्डू नेपाल एक युवक के साथ घूमने गई थी. उसे उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से बरामद किया गया है.

