SCO के मंच से मोदी ने पहलगाम हमले का जिक्र कर PAK को घेरा, चीन के तियानजिन में SCO समिट में भारत की ओर से पीएम मोदी शामिल होने पहुंचे हैं.
By : डीबी न्यूज अपडेट | Edited By: प्रिंस अवस्थी
PM Modi China SCO Summit Update: चीन के तियानजिन में आयोजित शंघाई शिखर सम्मेलन पर पीएम मोदी ने कहा कि, ‘सुरक्षा, शांति और स्थिरता किसी भी देश के विकास का आधार हैं, लेकिन आतंकवाद, अलगाववाद और अतिवाद बड़ी चुनौतियां हैं. आतंकवाद केवल किसी देश की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए एक साझा चुनौती है. कोई देश, कोई समाज, कोई नागरिक इससे खुद को सुरक्षित नहीं समझ सकता. इसलिए, भारत ने आतंकवाद से लड़ाई में एकता पर ज़ोर दिया है. भारत ने संयुक्त सूचना अभियान का नेतृत्व करके अल-कायदा और उससे जुड़े आतंकवादी संगठनों से लड़ने की पहल की. हमने आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ आवाज़ उठाई. इसमें मिले समर्थन के लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं.’
बतादें कि चीन के तियानजिन में आयोजित शंघाई शिखर सम्मेलन का आज (1 सितंबर, 2025) दूसरा दिन है. इस समिट में भारत की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद शामिल होने पहुंचे हैं. बीते दिन पीएम मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी, जिसमें सीमा पर शांति, व्यापार, कैलाश मानसरोवर यात्रा, दोनों देशों के बीच सीधी फ्लाइट जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी.
बदलती जरूरतों के साथ विकसित हो रहा है SCO- मोदी
शंघाई सहयोग संगठन के मंच से पीएम मोदी ने कहा कि यह खुशी की बात है कि SCO समय की बदलती जरूरतों के साथ विकसित हो रहा है. संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर सुरक्षा जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए चार नए केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं. हम इस सुधारोन्मुखी सोच का स्वागत करते हैं.
हमने हर चुनौती को अवसर में बदलने की कोशिश की- मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है. हमने हर चुनौती को अवसर में बदलने की कोशिश की है. मैं आप सभी को भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करता हूं.”
पुतिन ने भारत और चीन का जताया आभार
शंघाई सहयोग परिषद (SCO) के मंच से रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि मैं यूक्रेन में संकट को हल करने के लिए चीन और भारत के प्रयासों की सराहना करता हूं.

