यूपी के वाराणसी, मथुरा और अयोध्या में पुलिस टीम के द्वारा सघन चेकिंग की जा रही है. वहीं बंगाल में बाबरी की नींव रखने की तैयारी
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Babri Masjid Demolition Anniversary: बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर यूपी के अयोध्या, मथुरा और वाराणसी में हाई अलर्ट जारी किया गया है, इन तीनों जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं. पुलिस के द्वारा एहतियात के तौर पर जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. वहीं बंगाल में बाबरी मस्जिद की नींव रखने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए टीएमसी से निलंबित विधायक के समर्थक सिर पर ईंट लेकर निकले हैं. जगह-जगह बाबरी मस्जिद के पोस्टर लगाए गए हैं. सुरक्षा के लिहाज से बंगाल में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
आपको बता दें कि आज से ठीक 33 साल पूर्व 6 दिसंबर सन 1992 को कारसेवकों ने बाबरी मस्जिद को विध्वंस कर दिया था. तब से 6 दिसंबर की तारीख पर अयोध्या, मथुरा और वाराणसी में पुलिस अलर्ट पर रहती है.
जगह-जगह गश्त और जांच
मीडिया रिपोर्ट से पता चल रहा है कि बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर वाराणसी में अलर्ट है. डीसीपी क्राइम के मुताबिक “वाराणसी कमिश्नरेट से लेकर पूरे जोन में सभी लोग हाई अलर्ट पर हैं. वाराणसी सिटी, वाराणसी जंक्शन और बनारस रेलवे स्टेशनों पर जांच की जा रही है और सभी 84 घाटों पर गश्ती दल तैनात किया गया है. यही हाल मथुरा में भी है.
काशी विश्वनाथ मंदिर सहित अन्य मंदिरों के पास बढ़ी सुरक्षा
इसके अलावा अस्सी घाट, नमो घाट और दशाश्वमेध घाट पर शाम की आरती के दौरान विशेष निगरानी की जाएगी. आरपीएफ और जीआरपी के साथ रेलवे स्टेशन की पार्किंग में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड जांच कर रहे हैं. बस अड्डों पर भी जांच की जा रही है. काशी विश्वनाथ मंदिर, काल भैरव मंदिर और संकटमोचन हनुमान मंदिर में विशेष सुरक्षा तैनात की गई है…”
अयोध्या में अतिथियों के रिकार्ड खंगाले जा रहे
उधर, अयोध्या में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अलर्ट पर है. सुरक्षा की तैयारियों के बाबत एसपी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि “हमने सभी होटलों और धर्मशालाओं से अनुरोध किया है कि वे वहां ठहरने वाले अतिथियों का रिकॉर्ड रखें, जिसकी हमारे अधिकारी जांच करेंगे. वाहनों की नियमित जांच की जा रही है. हमारी टीमें घाटों और अन्य क्षेत्रों में गश्त भी कर रही हैं. सुरक्षा जांच और निगरानी के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन के लिए अलग-अलग टीमें हैं.”
टीएमसी के निलंबित विधायक के समर्थकों सिर पर रखा ईंट
मीडिया में चल रहीं खबरों के अनुसार पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिला स्थित बेलडांगा में तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर शनिवार को बाबरी मस्जिद की नींव रखने की तैयारी कर रहे हैं. उनके समर्थक सुबह से सिर पर ईंट लेकर निर्माण स्थल की तरफ निकलने लगे हैं.
बेलडांगा समेत आसपास का इलाका आज हाई अलर्ट पर है. कोलकाता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को मस्जिद निर्माण पर रोक लगाने से इनकार किया था. कोर्ट ने कहा- कार्यक्रम के दौरान शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी.
Source : MEDIA

