नवरात्रि 2026 मेले के चलते प्रशासन का फैसला, मैहर में 19 से 27 मार्च तक नगरपालिका क्षेत्र में मांस, मछली और अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया हैं. मध्य प्रदेश के मैहर में चैत्र नवरात्रि मेले को देखते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा जारी किया गया है आदेश.
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
Chaitra Navratri 2026 Maihar District News: देश के चमत्कारिक और रहस्यमयी मंदिरों में से एक मैहर धाम है. जहां मां शारदा विराजमान हैं. मातारानी का दर्शन-पूजन करने के लिए चैत्र नवरात्रि के अवसर पर दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धा और भक्ति के साथ श्रद्धालु पहुंचते हैं. उन श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने एक सख्त निर्णय लिया है और 19 मार्च 2026 से 27 मार्च 2026 की मध्यरात्रि तक पूरे नगरपालिका क्षेत्र मैहर में मांस, मछली और अंडे के क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जारी किया गया है. यहां बतादें कि हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र महीने की नवरात्रि चैत्र शुक्ल की प्रतिपदा से शुरू होकर चैत्र नवमी तिथि तक चलती है. इस वर्ष चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से प्रारंभ हो रही है. इसी दिन हिंदू नव वर्ष भी है. वहीं 27 मार्च 2026 को चैत्र नवरात्रि का समापन हो जाएगा. इसी दिन रामनवमी भी मनाई जाएगी. मां दुर्गा को समर्पित नौ दिवसीय नवरात्रि का पर्व माता रानी का आशीर्वाद पाने और जीवन में सकारात्मकता लाने के विशेष अवसर है. ऐसी मान्यता है कि मातारानी स्वयं 9 दिनों तक धरतीलोक पर वास करेंगी.
मां शारदा के दर्शन को देशभर से आते हैं श्रद्धालु
मध्य प्रदेश का मैहर जिला एक धार्मिक नगरी है. यहां नवरात्रि के दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. मां शारदा के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले भक्तों की धार्मिक भावनाओं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह आदेश जारी किया है. हिंदू संगठन भी लंबे समय से नवरात्रि में इन दुकानों को बंद रखने की मांग करते आ रहे थे जिस पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया है.
BNS धारा 163 के तहत आदेश
SDM अपने हस्ताक्षर से यह आदेश जारी किया है, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था और धार्मिक माहौल बना रहे. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी. आदेश की सूचना सार्वजनिक माध्यमों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, समाचार पत्रों, नोटिस बोर्ड, पुलिस थानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सभी तक जानकारी पहुंच सके.
धार्मिक आस्था, शांति व्यवस्था और मर्यादा बनाए रखने में बड़ा कदम
अनुविभागीय अधिकारी द्वारा जारी किए गए इस आदेश से श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों में उत्साह का माहौल है. अब देखना यह है कि प्रशासन द्वारा जारी किए गए आदेश का कितनी सख्ती के साथ पालन कराया जाता है और इसकी निगरानी किस प्रकार से की जाएगी. नवरात्रि से पहले मैहर प्रशासन का यह फैसला धार्मिक आस्था, शांति व्यवस्था और नगर की मर्यादा बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
नवरात्र मेले में रेलवे द्वारा प्राथमिक उपचार हेतु टीम तैनात
पश्चिम मध्य रेलवे ने आगामी 2 दिनों बाद प्रारंभ हो रहे नवरात्र के शुभ अवसर पर मैहर में मां शारदा देवी के दर्शन हेतु आने जाने वाले रेल यात्रियों के स्वास्थ्य एवं प्राथमिक उपचार हेतु जबलपुर रेल मंडल द्वारा सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सदस्यों को प्राथमिक उपचार हेतु तैनात किया गया है.
9 दिनों तक 24 घंटे स्वास्थ्य शिविर लगाने हेतु लिस्ट जारी
ब्रिगेड के कोर कमांडर वरुण चतुर्वेदी द्वारा इस संबंध में 35 स्वयंसेवकों को मैहर में 9 दिनों तक 24 घंटे स्वास्थ्य शिविर लगाने हेतु लिस्ट जारी की गई है. इस संबंध में सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के सचिव सादिक खान तथा संयुक्त सचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी संस्था के सदस्य 24 घंटे मैहर स्टेशन पर तैनात रहेंगे तथा किसी भी तीर्थयात्री के अस्वस्थ या चोटिल होने पर तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा. उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी संस्था द्वारा लगभग 350 श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया था रेलवे द्वारा प्रतिवर्ष उक्त संस्था को इस परोपकारी कार्य के लिए मैहर में नियुक्त किया जाता है.

