BJP दिल्ली सरकार पर हमलावर, भोजन और पानी में कमी बताकर घेरा।
By : DB News Update | Edited By: Supriya
नई दिल्ली.
दिल्ली में मानसिक रूप से बीमार बच्चों के लिए चल रहे सरकारी शेल्टर होम में पिछले महीने अचानक मौतों में इजाफा का मुद्दा गरमा रहा है। दिल्ली सरकार के ‘आशा किरण’ शेल्टर होम में जुलाई में 14 बच्चों की मौत के बाद हड़कंप मचा हुआ है। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने पूरे मामले की मैजिस्ट्रेट जांच करके 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।
बीजेपी ने इसे लेकर दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। बीजेपी महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया है कि शेल्टर होम में बच्चों को गंदा पानी दिया जा रहा है। उन्हें खाना नहीं दिया जा रहा और न ही इलाज मुहैया कराया जा रहा है। गुप्ता ने जुलाई में 17 बच्चों की मौत का दावा करते हुए आरोप लगाया कि सच छिपाने के लिए शेल्टर होम में किसी को जाने नहीं दिया जा रहा।
लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश
मामले को तूल पकड़ता देख दिल्ली की मंत्री आतिशी ने ‘आशा किरण’ शेल्टर होम में हुई कई मौतों की मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। दिल्ली सरकार की एक रिलीज के मुताबिक, मंत्री की तरफ से दिए गए आदेश में लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सुझाने को भी कहा गया है।
बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है
इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेख गुप्ता ने कहा, ‘आशा किरण दिल्ली सरकार की यूनिट है जहां दिव्यांग लोगों को रखा जाता है। उनकी देखभाल के नाम पर ये शेल्टर चल रहा है। परंतु इस शेल्टर में लगातार मौतें हो रही हैं।
इस साल अबतक 27 बच्चों की मौत हो चुकी है। जुलाई महीने में ही 17 बच्चों की मौत हो चुकी है। अखबार में बस 13 मौत की बात आई है। कारण प्रशासन बता नहीं रहा। एसडीएम की इन्क्वॉयरी क्या कह रही है, कुछ पता नहीं चल रहा। खुद गेट बंद करके सभी अधिकारी बैठे हैं। किसी को अंदर जाने नहीं दिया जा रहा। हम सामाजिक लोग हैं, जनप्रतिनिधि हैं, हमें तक अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है।

