मुख्यमंत्री ने भारत माता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वेश में आए बच्चों को किया दुलार
Source : DB News Update
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
भोपाल. भारत माता की जय के उद्घोष के साथ देशभक्ति की धुन पर तिरंगा लहराते युवा राष्ट्र प्रेम की भावना का संचार कर रहे थे। जन-जन के अभियान के रूप में अपने गंतव्य की ओर अग्रसर यात्रा से क्षेत्र का वातावरण उत्साह और उमंग से परिपूर्ण था. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भारत माता चौराहे से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा का तिरंगा लहराकर एवं आसमान में तिरंगे गुब्बारे छोड़कर शुभारंभ किया. उन्होंने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। विधायक भगवान दास सबनानी कार्यक्रम में उपस्थित थे.
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत माता के वेश में आयी बालिका को तिरंगा सौंपते हुए उसे दुलार किया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में आए स्कूली बच्चों को प्रोत्साहित किया. भारत माता चौराहे से शौर्य स्मारक तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, वरिष्ठ जन, महिलाएं तथा बच्चे शामिल थे.
भोपाल में ‘तिरंगा नौका यात्रा’ का आयोजन
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 अगस्त को बोट क्लब पर आयोजित ‘नौका तिरंगा यात्रा’ में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने यहां मौजूद जनता का अभिवादन किया।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के तालाब पर लहराते तिरंगे हमें ऊर्जा से लबरेज कर रहे हैं। तालाब की लहरें उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही हैं। हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के लिए संकल्पित है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी सवाल खड़े किए। इस दौरान उन्होंने, ‘ये देश है वीर जवानों का..,; गाना भी गाया। बोट क्लब से पहले सीएम डॉ. यादव मुख्यमंत्री निवास पर निकाली गई तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुए।
जन कल्याण के लिए सरकार संकल्पित
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आज भोपाल के तालाब पर लहराते तिरंगे हमें ऊर्जा से लबरेज कर रहे हैं। यहां उठ रहीं लहरें हमें हमारे जन कल्याण के संकल्प को याद दिला रही हैं। ये लहरें हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही हैं। हमारी सरकार सभी को साथ लेकर प्रदेश के विकास के लिए संकल्पित है। भविष्य में जनता भोपाल के तालाब में भी कश्मीर की डल झील जैसा आनंद उठा सकेगी। मेरी ओर से सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई।
देखने लायक था नजारा
बता दें, बोट क्लब पर नजारा देखने लायक था। सैकड़ों नावों पर सवार लोग हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के रंग में रंगे दिखाई दिए। चारों ओर बज रहे गीतों ने देखने वालों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया। लोग खुद भी देशभक्ति के गीत गा रहे थे और अन्य लोगों को भी प्रेरणा दे रहे थे। कई लोग हाथों में देशभक्ति के नारों का पोस्टर लिए लोगों को देश-प्रदेश के विकास के लिए प्रेरित कर रहे थे।
सीएम हाउस में गूंजे देशभक्ति के सुर
गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री निवास परिसर में तिरंगा यात्रा निकली। इसमें मुख्यमंत्री सचिवालय व निवास के सभी अधिकारी-कर्मचारी, सुरक्षा बल, दीदी कैफे की बहनें और समस्त स्टाफ ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति से सराबोर यात्रा में भाग लिया। इस दौरान पूरा परिसर वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा है कि इस वर्ष की थीम “स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग” निर्धारित की गई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के बेहतर स्वच्छता के संकल्प को इससे बल मिलेगा। अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने से राष्ट्रभक्ति का भाव सशक्त होता है। सभी नागरिकों के प्रयासों से मध्यप्रदेश इस अभियान को सफलता पूर्वक संचालित करने में अग्रणी राज्यों में शामिल रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आग्रह किया है कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत प्रत्येक गांव और प्रत्येक वार्ड में राष्ट्र भक्ति के वातावरण के निर्माण और तिरंगे पर केन्द्रित गतिविधियां आयोजित की जाएं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवरों के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर भी ध्वजारोहण समारोह हों, ऐसे प्रयास किए जाएं।
हर घर तिरंगा और तिरंगे के साथ सेल्फी वेबसाइट पर अपलोड करने की व्यवस्था
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा 2 से 15 अगस्त के मध्य हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के साथ घर और कार्यालय के साथ वाहनों पर तिरंगा लगाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश भेजे गए हैं। अभियान में 13 से 15 अगस्त के मध्य राष्ट्र ध्वज फहराने की सेल्फी भारत सरकार द्वारा निर्धारित वेबसाइट harghartiranga.com पर अपलोड करने की व्यवस्था रहेगी।

