Bhopal News : मंत्रि परिषद की बैठक में लिया गया है निर्णय, 1,320 करोड़ राशि की सिंचाई परियोजना भी स्वीकृत
By : DB News Update | Edited By: प्रिंस अवस्थी
MP, भोपाल
Bhopal. मध्य प्रदेश में जल्द साइबर तहसील में नई भर्ती के द्वार खुल सकते हैं. क्योंकि भोपाल में आयोजित कैबिनेट मंत्रियों की बैठक में निर्णय लिया गया है कि जल्द साइबर तहसील का विस्तार किया जाएगा. इसके लिए पूरे प्रदेश में 619 नए पद भरे जाएंगे. तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक ग्रेड-3 के कर्मचारियों का चयन किया जाना है. आज (20 अगस्त) को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में आयोजित हुई, जिसमें सिंचाई परियोजना समेत कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी गई है.
1320 करोड़ से सिंगरौली में सिचाई परियोजना को मंजूरी
मंत्रि-परिषद द्वारा सिंगरौली जिले की चितरंगी दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के लिये 1320.14 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत परियोजना से सिंगरौली जिले की चितरंगी तहसील के 132 ग्राम एवं देवसर तहसील के 10 ग्राम लाभान्वित होंगे।
साइबर तहसील के लिए पद स्वीकृत
साइबर तहसील परियोजना के लिये पूरे प्रदेश में विस्तार के लिए तहसीलदार संवर्ग के जिलों हेतु स्वीकृत 619 पदों में से तहसीलदार के 10 पद, प्रतिनियुक्ति हेतु रक्षित नायब तहसीलदारों के 55 पदों में से 15 पद और 03 सहायक वर्ग-3 श्रेणी के कर्मचारियों को पद सहित प्रमुख राजस्व आयुक्त कार्यालय में साइबर तहसील के लिए अंतरित करने की स्वीकृति दी गई। इसी प्रकार 02 भृत्य को आउटसोर्स से नियुक्त किये जाने की स्वीकृति दी गई।
मिशन शक्ति अंतर्गत 364 पदों की स्वीकृति
प्रत्येक जिला हब में जिला मिशन समन्वयक-01, जेंडर स्पेशलिस्ट-02, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ 01, एकाउंट असिस्टेंट-01, आईटी असिस्टेंट-01 तथा एम. टी.एस-01 के पदों की स्वीकृति दी गई। इस प्रकार प्रदेश के सभी जिला हब को मिलाकर कुल 364 पदों की स्वीकृति दी गयी। स्वीकृत पदों की पूर्ति निधारित प्रक्रिया अनुसार किये जाने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग को अधिकृत किया गया है।

