AAP पार्टी ने आरोप लगाया कि ये हमला बीजेपी के ‘गुंडों’ ने किया है. बीजेपी की भी प्रतिक्रिया आई, सीएम ने जिस शख्स की तस्वीर शेयर की है, सोशल मीडिया पर उसका नाम रोहित सेहरावत है.
Source : MEDIA
By : DB News Update| Edited By: प्रिंस अवस्थी
Delhi News: दिल्ली की सीएम आतिशी ने मुख्यमंत्री आतिशी ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “जिस आदमी ने आज अरविंद केजरीवाल पर हमला किया वह बीजेपी का गुंडा है.” उन्होंने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर कथित तौर पर हमला करने वाले शख्स की तस्वीर जारी की है. सीएम ने जिस शख्स की तस्वीर शेयर की है, सोशल मीडिया पर उसका नाम रोहित सेहरावत है. नाम के आगे बीजेपी लगाया हुआ है.
निंदनीय व चिंतनीय है- अखिलेश यादव
आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने बीजेपी को घेरते हुए निशाना साधा. इस बीच यूपी के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी. अखिलेश यादव ने कहा, “दिल्ली में पदयात्रा के दौरान श्री अरविंद केजरीवाल जी पर हमले का समाचार निंदनीय भी है और चिंतनीय भी.
सड़क, बिजली और पानी के नाम पर ठगा- बीजेपी
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “जनता अगर पूछे सवाल तो क्यों परेशान हैं केजरीवाल? आपने दिल्ली को सड़क, बिजली और पानी के नाम पर ठगा है. जनता जब आपसे सवाल पूछ रही है तो आप उसे बीजेपी का हमला बता रहे हैं.”
अरविंद केजरीवाल को पंजाब पुलिस की सुरक्षा पुनः बहाल करने की मांग
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब पुलिस की सुरक्षा पुनः बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है. सीएम आतिशी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की साजिश हो रही है और उन्हें भाजपा व गृहमंत्री अमित शाह से खतरा है. अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा में पंजाब पुलिस अहम भूमिका निभा रही थी, लेकिन भाजपा ने साजिश रचकर चुनाव से ठीक पहले यह सुरक्षा हटा दी. अभी तक अरविंद केजरीवाल पर जितने भी हमले हुए हैं, उनमें हमलावर भाजपा के कार्यकर्ता निकले हैं और पुलिस ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की. सीएम आतिशी ने कहा कि भाजपा द्वारा अरविंद केजरीवाल पर हमले करवाने से दिल्ली की जनता का उनके प्रति प्यार और विश्वास और अधिक बढ़ रहा है.
केजरीवाल को जान से मारने की साजिश रची जा रही है – सीएम
‘‘आम आदमी पार्टी’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से पंजाब पुलिस की सुरक्षा केंद्र सरकार के आदेश पर हटाए जाने को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संयुक्त प्रेस वार्ता की. सीएम आतिशी ने कहा कि इस समय अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की एक बहुत बड़ी साजिश रची जा रही है। इस साजिश में दो प्रमुख पक्ष शामिल हैं.
पहला पक्ष भाजपा के कार्यकर्ता हैं, जो अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर हमला करते हैं. वे पत्थर फेंकते हैं, डंडों से हमला करते हैं और स्पिरिट का स्प्रे करने जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। दूसरा पक्ष साजिशकर्ता भाजपा और गृहमंत्री अमित शाह के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस है।
केजरीवाल पर लगातार हमले हो रहे- सीएम आतिशी
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि भाजपा और दिल्ली पुलिस की इस जुगलबंदी से अरविंद केजरीवाल की जान लेने की साजिश हो रही है. हम लगातार देख रहे हैं कि एक के बाद एक अरविंद केजरीवाल पर हमले हो रहे हैं. 24 अक्टूबर को विकासपुरी में दिल्ली पुलिस की नाक के नीचे अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ. जब सोशल मीडिया पर जांच की गई तो हमलवार भाजपा का कार्यकर्ता निकला. क्योंकि भाजपा का कार्यकर्ता था, इसलिए दिल्ली पुलिस के साथ जुगलबंदी फिर से सामने आई और पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. इसके बाद 30 नवंबर को अरविंद केजरीवाल पर फिर हमला हुआ. जब वह मालवीय नगर में एक पब्लिक इवेंट के लिए जा रहे थे, वहां उन पर हमला करने की कोशिश की गई.
गाड़ी तक हमलावर पहुंच गए, लेकिन पुलिस ने नहीं रोका- सीएम आतिशी
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि इसी तरह 18 जनवरी को नई दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए. पुलिस ने जांच नहीं की. लेकिन जब हमने खुद सोशल मीडिया पर जांच की तो पता चला कि सारे हमलावर भाजपा के पदाधिकारी थी. फिर से भाजपा और दिल्ली पुलिस की यह जुगलबंदी सामने आई. दिल्ली पुलिस ने न तो भाजपा के कार्यकर्ताओं को रोका और ना ही उनके खिलाफ एक्शन लिया.
