झांसी मेडिकल कॉलेज अग्निकांड पर योगी सरकार ने आर्थिक मदद का ऐलान किया है. मृतक बच्चों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50 हजार की आर्थिक मदद करेगी सरकार.
By : DB News Update | Edited By : प्रिंस अवस्थी
Jhansi Medical College Fire : उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के बच्चों के वार्ड में शुक्रवार (15 नवंबर) रात आग लगने से कम से कम 10 शिशुओं की मौत हो गई जबकि 16 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. झांसी के जिलाधिकारी ने मीडिया को बताया कि अस्पताल की नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनआईसीयू) में दस बजकर 45 मिनट पर संभवत: शार्ट सर्किट से आग लग गई.
अस्पताल के गेट पर जमा हुए नाराज परिजन
झांसी मेडिकल कॉलेज हादसे में 10 बच्चों की मौत हुई है. इस मामले में तीन बच्चों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकती है. नाराज परिजन डीएनए टेस्ट की मांग कर रहे हैं. सात बच्चों का अब तक पोस्टमार्टम हो चुका है, चार डॉक्टरों की टीम काम कर रही है. बच्चों के परिजन बेहद नाराज हैं और, अस्पताल के गेट पर जमा हो गए हैं.
झांसी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल हटाए जा सकते हैं- सूत्र
झांसी मेडिकल कॉलेज हादसे में 10 बच्चों की मौत के बाद योगी सरकार सख्त है. सूत्रों की मानें तो मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल पर गाज गिर सकती है और उन्हें हटाया जा सकता है.
दूसरों के बच्चे बचाता रहा, नहीं मिला अपने घर का चिराग
झांसी अग्निकांड के बाद परिजन लगातार परेशान हो रहे हैं, जिनकी बच्चे चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती थे आग लगने के बाद से उनका पता नहीं है. एक मां का कहना है उनका बच्चा 10 दिन का था उन्हें पता नहीं है कि वह जिंदा है कि मर गया, उन्हें जले हुए बच्चे दिखाए गए जिनकी पहचान वह नहीं कर सकी. एक बच्चे का पिता जिसे खुद कई बच्चों की जान बचाई उसका बच्चा नहीं मिल रहा है. कुलदीप का कहना है मैं खुद अपने हाथों से चार-पांच बच्चों को बचाया, अब मेरा बच्चा खुद नहीं मिल रहा है, मुझे मेरा बच्चा मिलना चाहिए.

